कांग्रेस और सपा जन्मजात महिला विरोधी: सीएम योगी

0

विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले पत्रकारों से वार्ता में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर बोला तीखा हमला

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन को “महिला-विरोधी” करार देते हुए कहा कि उनके आचरण की निंदा के लिए ही यह विशेष सत्र बुलाया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का विरोध कर विपक्ष ने अपनी मानसिकता उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि “ये दल जन्मजात महिला-विरोधी हैं और इनके इतिहास में महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने के कई उदाहरण हैं।” सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय महिलाओं के खिलाफ अपराधों ने “बर्बरता की सारी हदें पार कर दी थीं।”

विपक्ष पर तीखा तंज

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पास अपनी छवि सुधारने का सुनहरा मौका था, लेकिन उन्होंने इसे गंवा दिया। “अगर वे चाहते तो इस संशोधन का समर्थन कर अपनी छवि बदल सकते थे, लेकिन उन्होंने इसके उलट काम किया,” उन्होंने कहा।

सदन में होगा बड़ा खुलासा

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि विधानसभा में पूरे दिन इस मुद्दे पर चर्चा होगी और विपक्षी दलों के “महिला-विरोधी चरित्र” को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण मिल रहा है और सरकार उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

माफी की मांग

सीएम ने विपक्षी विधायकों से अपील की कि वे चर्चा में हिस्सा लें और स्पष्ट करें कि उन्होंने इस विधेयक का विरोध क्यों किया। उन्होंने कहा, “अगर उनमें नैतिक साहस है तो वे माफी मांगें या निंदा प्रस्ताव का समर्थन करें।”

राजनीतिक घमासान तेज

इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में गर्मी और बढ़ गई है। आज का विशेष सत्र बेहद अहम माना जा रहा है, जहां सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!