पुरुषोत्तम मास की शुरुआत पर जहांगीराबाद में निकली भव्य प्रभात फेरी, “राधे-राधे” के जयकारों से गूंजा नगर

0

NEWS1UP

धर्म-कर्म डेस्क

जहांगीराबाद (बुलंदशहर)। पुरुषोत्तम मास के शुभारंभ के अवसर पर रविवार प्रातः नगर धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव से सराबोर दिखाई दिया। इस पावन अवसर पर मौहल्ला कायस्थवाड़ा स्थित गंगा मंदिर से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे नगर को “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गुंजायमान कर दिया।

प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रातः 5 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। रामहरि गोयल, बुद्धप्रकाश बंसल, ललित अग्रवाल, रामवतार तायल और लटूर सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रसिक सुमित गोयल, विक्की गोयल और शिवम सोनी द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

धर्म ध्वज हाथों में लिए महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे भजन-कीर्तन करते हुए बजरिया, घास मंडी, लुहारों वाली गली, पथवारी आश्रम और वाल्मीकि बस्ती सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया तथा प्रसाद वितरण भी किया गया।

आयोजकों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के अवसर पर पांच दिवसीय प्रभात फेरी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नगर में धार्मिक भावना, सद्भाव और आध्यात्मिक वातावरण को मजबूत करना है। उन्होंने जानकारी दी कि अगली प्रभात फेरी 24 मई को लाल कुआं स्थित शीश महल मंदिर से निकाली जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। वहीं प्रभात फेरी के मार्ग में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने में नगर पालिका परिषद के सभासद सुल्तान अंसारी, कल्पना आदेश शर्मा, शाहजेब अहमद, रोविन चौधरी और धर्मपाल सिंह का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर पीयूष गर्ग, संजय गर्ग, दिनेश सिंह, हेमंत सिंघल, अमन चौहान, रवि कौशिक, बब्बू पंडित, पूनम बंसल, शकुंतला गोयल, श्वेता गर्ग, लव शर्मा, कन्नु शर्मा, अरुण वार्ष्णेय, विवेक शर्मा, मनु ओझा, अनुज अग्रवाल, अजीत सिंह और चेतन शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!