[t4b-ticker]

ज्योति सुपर विलेज में अनोखे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन, बच्चों ने ‘रक्षकों’ को बांधा रक्षा सूत्र

0
FF

पेड़-पौधों, पुलिसकर्मियों और सिक्योरिटी गार्डों को रक्षा सूत्र बांधकर जताया आभार

संस्कारशाला की पहल ने दिया सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर आमतौर पर भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, लेकिन राजनगर एक्सटेंशन की ज्योति सुपर विलेज सोसायटी में बच्चों ने इस पर्व को एक अलग सामाजिक संदेश के साथ मनाया। यहां संस्कारशाला के बच्चों ने पेड़-पौधों, पुलिसकर्मियों और सोसायटी के सुरक्षा गार्डों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति आभार जताया।

ज्योति सुपर विलेज में आरडब्ल्यूए के तत्वावधान में प्रत्येक रविवार संस्कारशाला की कक्षा आयोजित की जाती है। सोसायटी निवासी शिक्षिका ममता शर्मा के संचालन में चल रही संस्कारशाला में बच्चों को नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों के साथ धर्म शिक्षा और व्यवहारिक जीवन से जुड़ी जानकारी दी जाती है।

रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों को रक्षा के व्यापक अर्थ से परिचित कराया गया। इसी क्रम में उन्होंने सबसे पहले पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधा, जो प्राणवायु देकर जीवन की रक्षा करते हैं। इसके बाद क्षेत्र के पुलिसकर्मियों को उनकी सुरक्षा सेवाओं के लिए और सोसायटी के सिक्योरिटी गार्डों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रक्षा सूत्र बांधा गया।

संस्कारशाला की इस पहल के पीछे बच्चों में रक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करना था। बच्चों ने संदेश दिया कि रक्षा का रिश्ता केवल भाई-बहन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और समाज के वे सभी लोग भी हमारे रक्षक हैं, जो प्रतिदिन हमारी सुरक्षा और जीवन को बेहतर बनाने में योगदान देते हैं।

इस अनूठे आयोजन ने रक्षाबंधन को केवल एक पारंपरिक पर्व तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकार और संस्कारों से जोड़ने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!