September 15, 2026
[t4b-ticker]

मुख्यमंत्री ने किया ‘गाजियाबाद 360’ का अनावरण, 164 पन्नों में दिखी विकास की पूरी तस्वीर!

0
FF

150 से अधिक परियोजनाओं का दस्तावेजीकरण

स्मार्ट तकनीक, पर्यावरण, कचरा प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं को मिली जगह

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। शहर के विकास और बदलते शहरी स्वरूप को दस्तावेज के रूप में सामने लाते हुए गाजियाबाद नगर निगम की ‘गाजियाबाद 360’ कॉफी टेबल बुक का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अनावरण किया। 164 पन्नों की इस पुस्तक में नगर निगम के 150 से अधिक प्रमुख कार्यों, पहलों, चल रही परियोजनाओं और आगामी योजनाओं को तस्वीरों व विवरण के साथ प्रस्तुत किया गया है।

अनावरण के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बायोडायवर्सिटी पार्क, बायो-CNG प्लांट, CM Grids फेस-2, उपवन योजना और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सहित प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी भी ली।

स्मार्ट तकनीक से आधुनिक हो रहा निगम

‘गाजियाबाद 360’ में नगर निगम के तकनीकी बदलाव को भी प्रमुखता दी गई है। I-CCC, ITMS, VTMS और ई-ऑफिस के जरिए निगरानी, यातायात प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों को डिजिटल बनाने की पहल इसमें दर्ज है। इसके साथ CM Grids, नगर निगम मुख्यालय व जोनल कार्यालयों का विकास, टाउन हॉल, डिजिटल लाइब्रेरी, वर्टिकल पार्किंग, यूपी गेट विकास और मल्टीलेवल कार पार्किंग जैसी परियोजनाओं का उल्लेख है।

कचरा प्रबंधन और पर्यावरण पर विशेष जोर

पुस्तक में STP आधारित बायो-CNG प्लांट, C&D वेस्ट प्लांट, ड्राई वेस्ट प्लांट, कम्युनिटी कंपोस्टिंग सेंटर, ग्लास अपसाइक्लिंग और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट जैसी पहलों को शामिल किया गया है। पर्यावरणीय कार्यों में मियावाकी तकनीक से 17 स्थानों पर सघन वन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, उपवन योजना तथा हिंडन नदी की सफाई के लिए IIT दिल्ली के साथ Nature-based Solutions पर सहयोग को प्रमुखता दी गई है। ई-बस, ईवी चार्जिंग स्टेशन और स्मार्ट लाइटिंग भी इसमें शामिल हैं।

आज के प्रोजेक्ट के साथ कल की तैयारी

‘गाजियाबाद 360’ की खासियत यह है कि इसमें पूरी हो चुकी योजनाओं के साथ चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं को भी स्थान दिया गया है। Urban Challenge Fund के तहत इंटीग्रेटेड बिजनेस हब, लॉजिस्टिक्स पार्क और को-वर्किंग स्पेस के अलावा मल्टी-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, समृद्धि गलियारा, बस शेल्टर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पेट क्रेमेटोरियम और ABC सेंटर जैसी योजनाओं का खाका भी सामने रखा गया है।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि-

पिछले तीन वर्षों में नगर निगम ने शहरहित और पर्यावरण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। आधुनिक उपकरणों और तकनीक को अपनाने के साथ नागरिक सुविधाओं तथा विकास परियोजनाओं को गति दी गई है।

उन्होंने कहा कि CM Grids फेस-2 इंदिरापुरम को नया स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जबकि मियावाकी पद्धति से किए गए पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम हैं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि-

पुस्तक में निगम के पूरे हो चुके कार्यों के साथ वर्तमान और भविष्य की योजनाओं को भी समाहित किया गया है। इसका उद्देश्य शहर के विकास की दिशा और आगामी प्राथमिकताओं को एक जगह प्रस्तुत करना है।

पुस्तक में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में गाजियाबाद की रैंकिंग में सुधार का भी उल्लेख है। निगम के अनुसार वर्ष 2024 में 18वीं, 2025 में 12वीं और इसके बाद 9वीं रैंक तक सुधार दर्ज किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड, जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

164 पन्नों में विकास का दस्तावेज

‘गाजियाबाद 360’ ने नगर निगम के अब तक के विकास कार्यों और आने वाले समय की योजनाओं को एक मंच पर ला दिया है। अब इन पन्नों में दर्ज विजन की असली परीक्षा उसके धरातल पर प्रभाव और समयबद्ध क्रियान्वयन से होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!