इंदिरापुरम की सोसाइटियों ने भरी हुंकार! अब अलग-अलग नहीं, साथ लड़ेंगीं AOA!!
बिल्डर की जिम्मेदारी तय कराने से लेकर प्रशासन की जवाबदेही तक, आपसी विवाद छोड़ एकजुट होने पर जोर!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की विभिन्न सोसाइटियों के एओए सदस्यों की बैठक में सोसाइटियों की साझा समस्याओं को लेकर सामूहिक रूप से आवाज उठाने पर चर्चा हुई। फेडएओए के वर्तमान अध्यक्ष और सचिव की मौजूदगी में हुई बैठक में सदस्यों ने कहा कि अलग-अलग शिकायतों के बजाय साझा मुद्दों को एक साथ संबंधित विभागों के सामने रखा जाना चाहिए।

बैठक में एकल बिंदु विद्युत संयोजन, इमारतों की मरम्मत और रंगाई-पुताई, लिफ्ट, शुद्ध पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, यातायात, जलभराव और कचरा निस्तारण जैसे मुद्दे उठाए गए।
बिल्डर से सवाल: जिम्मेदारी पूरी हुई या बोझ निवासियों पर ?
बैठक में बिल्डर से जुड़े पुराने सवालों को भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों के अनुसार, एक समय विभिन्न एओए का साझा एजेंडा बिल्डरों की जिम्मेदारी तय कराना और उनके हिस्से के लंबित कार्य पूरे कराना था।
अब सवाल यह है कि जिन कार्यों और सुविधाओं की जिम्मेदारी बिल्डर की थी, उनका बोझ आखिर कब तक निवासियों या एओए पर पड़ेगा ?
बैठक में यह चिंता भी सामने आई कि बिल्डर से जुड़े मूल सवालों के समाधान के बजाय कई सोसाइटियों में एओए आपसी विवादों में उलझ गए हैं। इसका असर सीधे निवासियों पर पड़ रहा है। प्रतिनिधियों का मानना था कि बिल्डर की जवाबदेही का मुद्दा कमजोर नहीं पड़ना चाहिए, बल्कि उसे तथ्य और दस्तावेजों के आधार पर संबंधित प्राधिकरणों के सामने लगातार उठाया जाना चाहिए।

डीआर कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल
सदस्यों ने डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि किसी व्यक्ति की शिकायत पर दूसरे पक्ष को सुने बिना कार्रवाई की स्थिति बनना गंभीर विषय है। उन्होंने विवादों में सभी पक्षों को सुनने और निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने की जरूरत बताई।
अब अलग-अलग शिकायत नहीं, सामूहिक आवाज
बैठक में कहा गया कि अलग-अलग सोसाइटियों से अधिकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद अपेक्षित सुनवाई नहीं होती। इसलिए अब विभिन्न एओए मिलकर साझा समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रखेंगे। सदस्यों के अनुसार, उद्देश्य किसी व्यक्ति के खिलाफ जाना नहीं, बल्कि बिल्डर की जिम्मेदारी तय कराने, लंबित सुविधाओं के समाधान और संबंधित विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए सामूहिक प्रयास करना है।
26 सितंबर को फिर जुटेंगे एओए प्रतिनिधि
इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए 26 सितंबर को एक और बैठक आयोजित करने की घोषणा की गई है। प्रस्तावित बैठक में विभिन्न सोसाइटियों के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ साझा समस्याओं, बिल्डर की जिम्मेदारियों और प्रशासनिक स्तर पर लंबित मामलों को आगे उठाने की दिशा पर चर्चा किए जाने की बात कही गई है।
