अमिताभ बच्चन ने निभाया वादा! केबीसी कंटेस्टेंट के घर बनवाया वॉशरूम
फैंस बोले- यही हैं असली शहंशाह
NEWS1UP
हुगली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने इंसानियत भरे कदम से सुर्खियों में हैं। ‘कौन बनेगा करोड़पति 16’ के मंच पर किया गया उनका वादा अब पूरा हो चुका है। बिग बी ने शो के एक कंटेस्टेंट के घर वॉशरूम बनवाकर यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ पर्दे के ही नहीं, असल ज़िंदगी के भी सच्चे हीरो हैं।
दरअसल, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के आरामबाग गांव के रहने वाले जयंत दुले पिछले साल ‘केबीसी 16’ के प्रतियोगी बने थे। खेल के दौरान जयंत ने अमिताभ बच्चन को बताया था कि उनके घर में नहाने के लिए वॉशरूम तक नहीं है, जिसके चलते उनकी मां रूपा और बहन शिखा को गांव के तालाब में नहाने जाना पड़ता है। यह सुनकर बिग बी हैरान और भावुक हो गए थे।
उस वक्त अमिताभ बच्चन ने मंच पर ही जयंत से वादा किया था- 
“खेल का परिणाम चाहे कुछ भी हो, मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि आपके घर में एक बाथरूम जरूर बनवाया जाए। यह मैं अपने खर्चे पर करूंगा।”
अब, अमिताभ बच्चन ने अपना यह वादा निभाते हुए जयंत दुले के परिवार के लिए एक नया वॉशरूम बनवाने की व्यवस्था की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बी ने इसके लिए जयंत के खाते में 2 लाख रुपये भेजे हैं ताकि निर्माण कार्य पूरा हो सके।
इस कदम ने न सिर्फ जयंत के परिवार की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया है, बल्कि यह भी दिखा दिया कि अमिताभ बच्चन अपने फैंस के साथ दिल से जुड़े हुए इंसान हैं। सोशल मीडिया पर अब हर तरफ बिग बी की जमकर तारीफ हो रही है। फैंस कह रहे हैं कि “अमिताभ बच्चन सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, असल ज़िंदगी में भी हीरो हैं।”
वाकई, आज के समय में जब वादे निभाना दुर्लभ हो गया है, अमिताभ बच्चन ने यह दिखा दिया कि ‘बिग बी’ होना सिर्फ नाम नहीं, एक जिम्मेदारी है।
