[t4b-ticker]

भीषण सड़क हादसा: अंतिम संस्कार जा रहे एक ही परिवार के 7 सदस्यों की दर्दनाक मौत

0

NEWS1UP

संवाददाता

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में खनिज से भरा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया, जिसमें कार सवार एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक राहगीर भी इसकी चपेट में आ गया, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह पिचक गई और भीतर बैठे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।

अंतिम संस्कार के लिए निकला था परिवार, रास्ते में काल बनकर टूटा हादसा

 

जानकारी के अनुसार, सैयद माजरा निवासी महेंद्र सैनी के साले का गुरुवार रात निधन हो गया था। परिवार शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रवाना हुआ था। कार में महेंद्र सैनी, उनकी पत्नी रानी देवी, बेटा संदीप (24), बेटी जूली (27), दामाद शेखर कुमार (28), 4 वर्षीय पोता, साली का बेटा विपिन (20) और रिश्तेदार राजू सैनी (27) सवार थे। गांव से कुछ ही दूर निकले थे कि अचानक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। जोरदार धमाके के बाद पूरा इलाका दहल उठा।

हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि कार पलक झपकते ही डंपर के नीचे दबकर चंद सेकंड में कबाड़ में बदल गई और भीतर बैठे सभी लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर लगा लंबा जाम

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। भीड़ और आक्रोश के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर पुलिस, ट्रैफिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम हटाने और भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

सीएम योगी ने जताया गहरा दुख

सहारनपुर में हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तुरंत राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है कि डंपर को हटाकर शवों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

पूरा क्षेत्र शोक में डूबा

अचानक हुए इस भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डूबो दिया है। एक ही परिवार के सात सदस्यों की एक साथ मृत्यु ने लोगों को झकझोर दिया है। अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे परिवार पर ऐसा कहर टूटेगा, किसी ने सोचा भी नहीं था।

यह हादसा न सिर्फ क्षेत्र में, बल्कि हर संवेदनशील हृदय में गहरा दर्द छोड़ गया है। सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!