वीवीआईपी एड्रेसेस में 14 दिसंबर को एओए चुनाव: सेकंड ओनर–किरायेदारों की ‘नो एंट्री’!
विवादों के बाद आया बड़ा फैसला
डीएम को भेजी रिपोर्ट,
निर्वाचन अधिकारी ने सख्ती के संकेत दिए
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी एड्रेसेस सोसाइटी में लंबे समय से लंबित चल रहे एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) चुनाव अब तय समयानुसार 14 दिसंबर को कराए जाएंगे। प्रशासनिक निर्वाचन अधिकारी राजीव तेवतिया ने चुनावी कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि अंतिम वोटर सूची जारी की जा चुकी है और 8 दिसंबर दोपहर 2 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। वहीं नामांकन वापसी की समयसीमा 9 दिसंबर दोपहर 12 बजे तक तय की गई है।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद शाम 5:15 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी और परिणाम घोषित होने तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
चुनाव की निष्पक्षता को सुनिश्चित करने के लिए सोसाइटी परिसर में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके लिए एसीपी कार्यालय एवं स्थानीय पुलिस को आधिकारिक पत्र भेज दिया गया है। वीवीआई एड्रेसेस में पिछले कई महीनों से चुनाव टलते रहे और इस दौरान कई विवाद भी सामने आए, जिससे सोसाइटी लगातार चर्चा में रही है। इसी को देखते हुए निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ को भी पूरे चुनावी कार्यक्रम की सूचना दी है।
निर्वाचन अधिकारी राजीव तेवतिया ने सख्त लहज़े में स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि मॉडल बायलॉज के अनुसार सेकंड ओनर और किरायेदार वोट नहीं डाल सकेंगे। इसके अलावा प्रॉक्सी वोटिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
चुनाव समय पर होने चाहिए थे
सोसाइटी के कालातीत अध्यक्ष यज्ञदत्त त्यागी ने कहा कि-

वीवीआईपी एड्रेसेस में एओए चुनाव पहले ही हो जाने चाहिए थे, परंतु निर्वाचन अधिकारी और डिप्टी रजिस्ट्रार की देरी के कारण यह प्रक्रिया अटकती रही। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने, शांति बनाए रखने तथा एक सशक्त एवं पारदर्शी सोसाइटी प्रशासन चुनने की अपील की।
चुनाव को लेकर उत्साह: निष्पक्षता पर फोकस
काफी समय बाद होने जा रहे इन चुनावों को लेकर सोसाइटी में उत्साह के साथ-साथ जिम्मेदारी का माहौल भी देखा जा रहा है। सभी की निगाहें 14 दिसंबर पर टिकी हैं, जब वीवीआई एड्रेसेस सोसाइटी एक नए नेतृत्व के चयन की ओर कदम बढ़ाएगी।
