नोएडा/ग्रेटर नोएडा। सर्दियों की आहट के साथ ही कोहरे ने एक बार फिर सड़कों पर चुनौती खड़ी कर दी है। जैसे-जैसे तापमान गिर रहा है, वैसे-वैसे दृश्यता कम होती जा रही है और सड़क हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। हर साल इस मौसम में लापरवाही और तेज रफ्तार कई जिंदगियों पर भारी पड़ती है। इन्हीं आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा और जरूरी कदम उठाया है।
एक्सप्रेस वे पर कोहरे के कारण दुर्घटना की ‘फाइल फोटो’
15 दिसंबर से लागू होगी नई व्यवस्था
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की गति सीमा घटाने का फैसला लिया है। यह नई व्यवस्था 15 दिसंबर की रात 12 बजे से लागू होकर 15 फरवरी 2026 की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान सभी वाहन चालकों को निर्धारित नई स्पीड लिमिट का सख्ती से पालन करना होगा।
एक्सप्रेसवे पर सबसे बड़ा बदलाव
सबसे अहम फैसला नोएडा-ग्रेटर-नोएडा एक्सप्रेसवे को लेकर लिया गया है। यहां हल्के वाहनों की अधिकतम रफ्तार 100 किमी/घंटा से घटाकर 75 किमी/घंटा कर दी गई है। भारी वाहनों के लिए गति सीमा 50 किमी/घंटा तय की गई है। यही नियम एमपी-2 एलिवेटेड रोड पर भी लागू होंगे।
इन प्रमुख सड़कों पर भी कम हुई स्पीड लिमिट
शहर की अन्य व्यस्त सड़कों पर भी रफ्तार पर लगाम कसी गई है। इनमें निम्नलिखित शामिल हैं-
मास्टर प्लान रोड नंबर-1: सेक्टर-3 रजनीगंधा अंडरपास से सेक्टर-57 चौराहे तक
मास्टर प्लान रोड नंबर-2: सेक्टर-16ए फिल्म सिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-61 अंडरपास तक
डीएससी रोड: सेक्टर-1 से फेज-2 तक
इन सभी मार्गों पर नई गति सीमा के अनुसार वाहन चलाना अनिवार्य होगा।
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
डीसीपी यातायात डॉ. प्रवीन रंजनने बताया कि-
डीसीपी यातायात, डॉ. प्रवीन रंजन
कोहरे के मौसम में हादसों को रोकने के लिए यह कदम बेहद जरूरी था। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्पीड लिमिट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान किया जाएगा। इसके लिए सभी स्पीड कैमरों को नई गति सीमा के अनुसार सेट करने के निर्देश नोएडा प्राधिकरण को दे दिए गए हैं।
वाहन चालकों से पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि सर्दी और कोहरे के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें, तय गति सीमा का पालन करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और फॉग लाइट और हेडलाइट का सही इस्तेमाल करें।
पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी न सिर्फ आपकी जान बचा सकती है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकती है। कोहरे में रफ्तार नहीं, समझदारी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।