भाजपा की कार्यप्रणाली देख दुनिया है हैरान: संगठन पर्व समारोह में बोले पीयूष गोयल
यूपी प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की सर्वसम्मत घोषणा
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली आज वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भाजपा जिस सुव्यवस्थित, पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से सदस्यता अभियान से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन तक की प्रक्रिया पूरी करती है, वह दुनिया के लिए अकल्पनीय है।
रविवार को राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय, आशियाना में आयोजित भाजपा के संगठन पर्व समारोह में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की आधिकारिक घोषणा के अवसर पर उन्होंने यह बातें कहीं।

कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम: गोयल
पीयूष गोयल ने कहा कि देशभर में 1.62 लाख बूथों पर संगठनात्मक चुनावों का सफल और सर्वसम्मत संचालन पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और अनुशासन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह विस्तार और मजबूती डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी बाजपेयी जैसे महान नेताओं की विचारधारा का परिणाम है, जिन्होंने पार्टी की नींव को मजबूत किया। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में पार्टी निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही है।

पंकज चौधरी बने भाजपा यूपी के प्रदेश अध्यक्ष
संगठन पर्व के इस महत्वपूर्ण अवसर पर पीयूष गोयल ने सर्वसम्मति से घोषणा करते हुए कहा कि पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश का नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी नवनिर्वाचित राष्ट्रीय परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों की घोषणा भी की गई। गोयल ने कुछ प्रमुख नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परिषद पार्टी की नीतियों और दिशा को मजबूती प्रदान करेगी।
राष्ट्रीय परिषद में शामिल प्रमुख नाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (वाराणसी) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (गोरखपुर) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ) उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (प्रयागराज) उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (उन्नाव) भूपेंद्र सिंह चौधरी (संभल) स्मृति ईरानी (सुल्तानपुर) डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय (वाराणसी) सूर्य प्रताप शाही (सलेमपुर) स्वतंत्र देव सिंह (बांदा) डॉ. रमापति राम त्रिपाठी (गोरखपुर)
