लखनऊ में अशोक लेलैंड की ईवी यूनिट का उद्घाटन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां!

0

विकसित भारत की नींव उत्तर प्रदेश में रखी जा रही है: राजनाथ सिंह

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। “विकसित भारत का रास्ता विकसित उत्तर प्रदेश से होकर ही जाता है” यह कहना है देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह का। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक परिवर्तन, हरित परिवहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में इस परियोजना को ऐतिहासिक बताया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि यह ईवी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश को स्वच्छ, हरित और भविष्य आधारित परिवहन प्रणाली की ओर अग्रसर करेगी। साथ ही यह यूनिट प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और फ्यूचर टेक्नोलॉजी में स्किल डेवलपमेंट का बड़ा अवसर भी लेकर आई है।

2047 के विकसित भारत का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज उस लक्ष्य की धुरी बन चुका है। उन्होंने कहा,

“मुझे पूरा विश्वास है कि वर्ष 2047 में विकसित भारत का सपना जिस रास्ते से पूरा होगा, वह रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर ही जाएगा।”

उन्होंने लखनऊ की भूमि को उद्योगों के लिए अनुकूल बताते हुए कहा कि यह धरती सभी को अपने हृदय में स्थान देती है और सहयोग की भावना से आगे बढ़ती है।

‘बीमारू राज्य’ से विकास का इंजन बना उत्तर प्रदेश

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश के बदले हुए स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक समय जिस प्रदेश को ‘बीमारू’, अपराध और अराजकता से जोड़कर देखा जाता था, आज वहीं बड़ी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की खुलकर सराहना की और कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार और निवेश के अनुकूल माहौल ने उत्तर प्रदेश को आर्थिक विकास का पर्याय बना दिया है।

“आज उत्तर प्रदेश में न केवल राष्ट्रीय, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भी बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। फॉर्च्यून-500 कंपनियों का यहां आना मुख्यमंत्री योगी के कुशल नेतृत्व का प्रमाण है।”

डिफेंस से लेकर ईवी तक, आत्मनिर्भर भारत की मजबूत कड़ी

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल औद्योगिक निवेश का ही नहीं, बल्कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का भी बड़ा केंद्र बन चुका है। प्रदेश में गोला-बारूद, एयरक्राफ्ट और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने बताया कि अशोक लेलैंड की यह यूनिट मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान की जीवंत मिसाल है। खास बात यह है कि जिस परियोजना को पूरा होने में 60 महीने लगने थे, उसे रिकॉर्ड 18 महीनों में पूरा कर लिया गया।

“इसके लिए हिंदुजा ग्रुप, अशोक लेलैंड और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रशंसा के पात्र हैं।”

इलेक्ट्रिक वाहन: भविष्य का परिवहन

रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि आने वाला समय इलेक्ट्रिक व्हीकल्स का है और पेट्रोलियम आधारित वाहनों की संख्या धीरे-धीरे घटेगी। ऐसे में उत्तर प्रदेश में स्थापित यह यूनिट देश को ग्रीन मोबिलिटी और क्लीन एनर्जी ट्रांजिशन में अग्रणी बनाएगी।

उन्होंने कहा कि इस यूनिट से प्रदेश के लाखों युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और बेहतर आय के अवसर मिलेंगे, जिससे सामाजिक और आर्थिक दोनों स्तरों पर सकारात्मक बदलाव आएगा।

डबल इंजन सरकार से मिला विकास को रफ्तार

राजनाथ सिंह ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में देशभर में सड़कों और बुनियादी ढांचे के विस्तार ने उद्योगों के लिए मजबूत आधार तैयार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह दिन दूर नहीं जब देश विकसित राष्ट्रों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा होगा।

इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई गणमान्य अतिथि और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!