‘घूसखोर पंडित’ फिल्म के निर्देशक व टीम पर एफआईआर!

0
0
0

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राजधानी लखनऊ में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रचारित हो रही आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के निर्देशक एवं उनकी टीम के खिलाफ थाना हजरतगंज में  एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई धार्मिक एवं जातिगत भावनाओं को आहत करने, वैमनस्य फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयास के आरोपों के आधार पर की गई है।

पुलिस के अनुसार, फिल्म के शीर्षक और सोशल मीडिया व ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रचारित उसकी सामग्री प्रथम दृष्टया आपत्तिजनक पाई गई है। थाना हजरतगंज के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि ‘घूसखोर पंडित’ नामकरण के माध्यम से एक समुदाय/जाति विशेष (ब्राह्मण) को लक्षित कर अपमानित करने की मंशा प्रतीत होती है। प्रचारित संवादों और कंटेंट को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका

फिल्म के नाम और कंटेंट को लेकर ब्राह्मण समाज सहित कई सामाजिक संगठनों में आक्रोश देखा गया। कुछ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी, जिससे सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह प्रतीत होता है कि फिल्म के निर्देशक और उनकी टीम द्वारा समाज में वैमनस्य फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से फिल्म का प्रचार-प्रसार किया गया। ऐसी सामग्री से सामाजिक ताने-बाने पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

विधिक कार्रवाई जारी

उपरोक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हजरतगंज पुलिस ने सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना जारी है और जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, प्रचारित सामग्री तथा कानूनी प्रावधानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक और जातिगत भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी कंटेंट पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए कानून के दायरे में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!