गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल में तेंदुए की दस्तक से हड़कंप!
सुबह स्कूल परिसर के पास दिखा तेंदुआ
कविनगर पुलिस और वन विभाग ने की घेराबंदी
गोविंदपुरम रोड पर आवाजाही नियंत्रित, लोगों से घरों में रहने की अपील
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में एक तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ स्कूल के आसपास घूमता दिखाई दिया, जिससे छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गोविंदपुरम इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एहतियातन क्षेत्र को घेर लिया। साथ ही वन विभाग की टीम को भी बुलाया गया, ताकि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके और किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

कविनगर पुलिस पहुंची
तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही कविनगर पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। गोविंदपुरम रोड पर पुलिस ने दोनों ओर से घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करना शुरू कर दिया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। पुलिस द्वारा लोगों से सतर्क रहने और घरों के भीतर रहने की अपील की जा रही है, वहीं वन विभाग की टीम को भी सूचना दे दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, घरों के अंदर ही रहें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
