हीटवेव में बच्चों की जान से खिलवाड़! गाजियाबाद के स्कूलों ने प्रशासनिक आदेश को दिखाया ठेंगा

0

नर्सरी से कक्षा 8 तक बदले समय के आदेश की अनदेखी, तपती गर्मी में बच्चों को घंटों स्कूल में रोक रहे कई स्कूल,

कार्रवाई पर प्रशासन मौन

NEWS1UP

एजुकेशन डेस्क

गाजियाबाद। भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे के बीच जिला प्रशासन द्वारा नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया गया था, लेकिन कई निजी स्कूल प्रशासन के निर्देशों को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं।

जिला प्रशासन ने 25 अप्रैल को जारी आदेश में स्पष्ट कहा था कि नर्सरी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित की जाएं, ताकि तेज गर्मी से बच्चों को बचाया जा सके। इसके बावजूद अधिकांश स्कूल पुराने समयानुसार ही कक्षाएं चला रहे हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि जब स्कूल प्रबंधन से इस आदेश की अनदेखी पर सवाल पूछे गए तो कई स्कूलों ने जवाब देने से बचने की कोशिश की। इससे साफ है कि बच्चों की सुरक्षा से ज्यादा स्कूल प्रबंधन अपनी सुविधा और मनमानी को प्राथमिकता दे रहे हैं।

अभिभावकों में नाराजगी, बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा

भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को लंबे समय तक स्कूल में रोकना उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन ने बच्चों के हित में फैसला लिया, लेकिन स्कूल संचालक आदेश को हल्के में ले रहे हैं।

कार्रवाई कब होगी ?

इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने कहा कि कुछ शिकायतें मिली हैं और स्कूलों को फोन पर आदेश का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि जब सख्त कार्रवाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

बड़ा सवाल

जब प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अवहेलना हो रही है, तो आखिर जिम्मेदार स्कूलों पर कार्रवाई कब होगी ? बच्चों की जिंदगी और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर अब सख्ती जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!