[t4b-ticker]

दादरी के नए SDM से मिले किसान नेता, सरकारी जमीन, भ्रष्ट लेखपाल और स्कूल की बदहाली के मुद्दे उठाए

0
FFF

नए एसडीएम ने भारतीय किसान यूनियन मंच की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया

NEWS1UP

संवाददाता

दादरी। भारतीय किसान यूनियन मंच की कोर कमेटी ने शुक्रवार को दादरी के नवनियुक्त एसडीएम अभिनेंद्र सिंह का स्वागत कर उन्हें क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। संगठन ने सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे, तहसील में भ्रष्टाचार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।

भाकियू मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि कई गांवों की एलएमसी (सरकारी) भूमि का न तो समुचित रिकॉर्ड है और न ही उसका संरक्षण किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन गांवों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहित की, वहां बारातघर, खेल मैदान, विद्यालय, पार्क, ओपन जिम और वृक्षारोपण जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भूमि सुरक्षित रखी जानी चाहिए थी। इसके विपरीत, अधिकांश स्थानों पर सरकारी भूमि पर अवैध कॉलोनियां विकसित हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति प्राधिकरण की कथित मिलीभगत के बिना संभव नहीं थी और इससे गांवों की सार्वजनिक संपत्ति लगातार सिमटती जा रही है।

मंच के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिकू यादव ने सौरखा और पर्थला गांवों की सरकारी भूमि के सौंदर्यीकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा, जबकि प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी ने तहसील के कुछ लेखपालों पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

अन्नू सरपंच ने कहा कि पहले किसानों की शिकायतों का समाधान नहीं हो पाता था, लेकिन नए एसडीएम की नियमित जनसुनवाई से किसानों में उम्मीद जगी है। वहीं डॉ. मोहसिन ने कटहैड़ा रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज की जर्जर सड़क, शिक्षकों की कमी और मिड-डे मील की अनियमित व्यवस्था का मुद्दा उठाया।

एसडीएम अभिनेंद्र सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान अजब सिंह भाटी, विकास कलशन, ज्ञानेंद्र यादव, आयुष शर्मा, गोविंद यादव, मनोज प्रधान सहित संगठन के कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!