मेरठ से अविनाश पाण्डेय की विदाई, केके बिश्नोई को मिली बिजनौर की कमान: यूपी में 9 IPS के तबादले
मेरठ में अविनाश पाण्डेय की जगह बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति को कमान
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। योगी सरकार ने 9 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस तबादला सूची में सबसे ज्यादा चर्चा मेरठ के SSP अविनाश पाण्डेय और संभल के SP कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई को लेकर है। अविनाश पाण्डेय को मेरठ SSP की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध किया गया है, जबकि संभल में अपनी कार्यशैली से पहचान बनाने वाले केके बिश्नोई को अब बिजनौर का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है।
अविनाश पाण्डेय की मेरठ से छुट्टी

2015 बैच के IPS अधिकारी अविनाश पाण्डेय को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध किया गया है। मेरठ में उनके कार्यकाल के दौरान कई घटनाक्रमों को लेकर वह चर्चा में रहे। ताजा तबादला आदेश के बाद अब मेरठ की कमान 2015 बैच के ही बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति को सौंपी गई है।
संभल के ‘केके’ अब संभालेंगे बिजनौर
वहीं 2018 बैच के IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) को संभल से हटाकर बिजनौर का SP बनाया गया है। संभल में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर केके बिश्नोई लगातार सुर्खियों में रहे हैं। उनके कार्यकाल में अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई भी चर्चा का विषय रही।
अब सरकार ने उन्हें बिजनौर जैसे महत्वपूर्ण जिले की कमान सौंपकर उनके अनुभव और कार्यशैली पर भरोसा जताया है। केके बिश्नोई इससे पहले संभल में SP की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
गोंडा, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में भी बदलाव
तबादला सूची में विनीत जायसवाल को गोंडा से सुल्तानपुर का SP बनाया गया है, जबकि चारू निगम को सुल्तानपुर से हटाकर यूपी-112, लखनऊ भेजा गया है।
अभिषेक को बिजनौर से गोंडा का SP बनाया गया है। विकास कुमार को बलरामपुर से झांसी का SSP बनाया गया है। वहीं विकास चन्द्र त्रिपाठी को बाराबंकी से संभल और मार्तण्ड प्रकाश सिंह को हरदोई से बलरामपुर का SP बनाया गया है।
इस फेरबदल के बाद मेरठ, संभल और बिजनौर समेत कई जिलों में पुलिस नेतृत्व का चेहरा बदल गया है। खास तौर पर अविनाश पाण्डेय को मेरठ से हटाया जाना और केके बिश्नोई को संभल से बिजनौर भेजा जाना इस तबादला सूची के सबसे अहम फैसलों में माना जा रहा है।
