February 9, 2026

लाजपत राय कॉलेज के वाणिज्य छात्रों ने IITF–2025 में सीखी वित्तीय जानकारी: सेबी कार्यक्रम ने बढ़ाया करियर ज्ञान

0
19
0

डॉ. भावना गर्ग के निर्देशन में छात्रों ने बाजार संरचना 

निवेश सुरक्षा और आर्थिक व्यवहारिकता की समझ विकसित की

NEWS1UP

संवाददाता

साहिबाबाद। लाजपत राय कॉलेज के वाणिज्य संकाय के बी.कॉम, बी.कॉम (ऑनर्स) एवं एम.कॉम अंतिम वर्ष के छात्रों को औद्योगिक भ्रमण के अंतर्गत नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2025 का शैक्षिक दौरा कराया गया। यह भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक व्यापारिक वातावरण, आधुनिक वित्तीय प्रणालियों और निवेश जगत से रूबरू कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

यह विशेष शैक्षणिक विजिट भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत संपन्न हुई। सेबी द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य छात्रों को वित्तीय बाजार की कार्यप्रणाली, सुरक्षित निवेश साधन, जोखिम प्रबंधन, शेयर और म्यूचुअल फंड से जुड़ी जागरूकता तथा धन प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान वाणिज्य संकाय की ओर से डॉ. भावना गर्ग एवं अमन गोयल ने छात्रों का नेतृत्व किया और पूरे कार्यक्रम के दौरान मार्गदर्शन प्रदान किया। छात्रों ने सेबी मंडप (SEBI Pavilion) में विशेषज्ञों से संवाद कर शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, निवेश सुरक्षा उपाय, निवेशकों के अधिकार एवं डिजिटल वित्तीय सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्रों ने स्टार्ट-अप इकोसिस्टम, MSME सेक्टर, अंतरराष्ट्रीय व्यापार अवसरों, डिजिटल भुगतान तकनीकों, ई–कॉमर्स प्रदर्शनियों तथा आधुनिक व्यापारिक मॉडलों को भी नजदीक से समझा। इस अवसर ने विद्यार्थियों के करियर दृष्टिकोण, व्यावहारिक समझ एवं वित्तीय निर्णय क्षमता को नई दिशा प्रदान की।

वाणिज्य संकाय की HOD डॉ. भावना गर्ग ने कहा कि

डॉ. भावना गर्ग

“सेबी द्वारा आयोजित यह शैक्षिक अनुभव छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी रहा। आज के दौर में वित्तीय साक्षरता केवल विषयगत ज्ञान नहीं बल्कि जीवन कौशल है। इस भ्रमण ने छात्रों को बाजार की वास्तविक प्रक्रियाओं, सुरक्षित निवेश विकल्पों और आर्थिक व्यवहारिकता को समझने का अवसर दिया। हमारा संकाय भविष्य में भी छात्रों को ऐसे प्रायोगिक एवं करियर उन्मुख अवसर प्रदान करता रहेगा।” 

कॉलेज प्रशासन ने इस initiative को अत्यंत सफल बताते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में उद्योग–अनुकूल दक्षता, प्रतिस्पर्धात्मक समझ और पेशेवर दृष्टि विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। प्रशासन ने भविष्य में भी इसी प्रकार के शिक्षाप्रद एवं अनुभवात्मक दौरों की निरंतरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!