[t4b-ticker]

माफिया–सपा कनेक्शन पर योगी का करारा वार: बोले, जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा!

0
CM1

तस्वीरों से लेकर तस्करी तक, सपा के ‘दाग’

खुद बयां कर रहे हैं कहानी: योगी

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा माफिया रहा हो, जिसके तार समाजवादी पार्टी से न जुड़े हों। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए कई अभियुक्तों के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी कार्यप्रणाली के कारण पहले से ही बदनाम और कुख्यात रही है, और इस पूरे प्रकरण में भी उसकी संलिप्तता उजागर होकर रहेगी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम निष्कर्ष पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी स्थिति उसी शेर जैसी है-

“यही कसूर मैं बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी, आईना साफ करता रहा”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन माफियाओं के साथ उनकी तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनसे जुड़े अवैध लेन-देन के तथ्य भी जांच के बाद स्वतः उजागर होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

विधानसभा सत्र से पूर्व पत्रकारों को सम्बोधित करते सीएम योगी आदित्यनाथ

कोडीन मामले पर सरकार का सख्त रुख

कोडीन फॉस्फेट से जुड़े मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार का पक्ष स्पष्ट करते हुए बताया कि कोडीन फॉस्फेट एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत आने वाली औषधि है, जिसका उपयोग कोडीन-युक्त कफ सिरप के निर्माण में किया जाता है। इसका कोटा और आवंटन सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा केवल अधिकृत औषधि निर्माण के लिए किया जाता है।


उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर इसी कफ सिरप का नशीले पदार्थ के रूप में दुरुपयोग किया जा रहा था। अवैध तस्करी की शिकायतें मिलने के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई शुरू की। उत्तर प्रदेश पुलिस, एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के संयुक्त अभियान में बड़े पैमाने पर अवैध तस्करी का खुलासा हुआ है और कई गिरफ्तारियां भी की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे मामले की निगरानी एक राज्य-स्तरीय एसआईटी कर रही है, जो अवैध तस्करी से जुड़े धन के लेन-देन सहित हर पहलू की जांच कर रही है।

24 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से प्रारंभ होकर 24 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि सत्र में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, विकास से संबंधित विधायी कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और विभिन्न विभागों की अनुपूरक मांगों पर विचार किया जाएगा।


इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी और इसके रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। योगी ने इसे ऐतिहासिक संयोग बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थापना-तिथि और ‘वंदे मातरम्’ को संवैधानिक मान्यता मिलने की अधिसूचना की तिथि एक ही है, जिससे यह चर्चा और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

सभी मुद्दों पर चर्चा को तैयार सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। सरकार का उद्देश्य सत्र का सुचारु संचालन और सकारात्मक विमर्श सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा विधानमंडल सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सार्थक चर्चा आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह शीतकालीन सत्र उत्तर प्रदेश विधानमंडल और राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!