October 5, 2025
Latest

बरेली हिंसा: तौकीर रजा पर बरसे अन्नू खान कहा बेगुनाह मुसलमानों का गुनहगार है!

0
71
0

हिंदुस्तान के मुसलमानों को यह समझना होगा कि वो किसके पीछे चल रहे हैं: अन्नू खान


NEWS1UP

नोएडा। बरेली हिंसा से आहत नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान तौकीर रजा पर जमकर बरसे। उन्होंने हिंसा को तौकीर की साजिश करार दिया और कहा कि कहा कि इसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है। एक वीडियो संदेश के ज़रिए उन्होंने कहा कि तौकीर रज़ा जिस खानदान से आते हैं बरेली ही नहीं पूरे मुस्लिम समाज में उनका नाम बड़ी इज्जत से लिया जाता है परंतु तौकीर के इस कृत्य ने उनके पुरखों का भी नाम ख़राब किया है।
अन्नू खान ने कहा कि ‘आई लव मोहम्मद’ कहना गलत नहीं है, कोई भी अपने ईष्ट अथवा जिनमें उनकी श्रद्धा है उनके लिए इस तरह का इजहार कर सकता है। लेकिन इसके पीछे नौजवानों को भड़काना, उन्हें गलत राह दिखाना और दंगा भड़काना, यह बिल्कुल भी माफ़ी के काबिल नहीं है।

अन्नू खान, नेफोमा अध्यक्ष

 उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के मुसलमानों को यह समझना होगा कि वो किसके पीछे चल रहे हैं। खासतौर से मुस्लिम नौजवानों को यह बात समझ में आनी जरूरी है कि उनका राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। बरेली हिंसा में गिरफ्तार मुस्लिम समुदाय के नौजवानों के परिवारों के प्रति उन्होंने शुभचिंतकी भी प्रकट की। उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल, घायल और गिरफ्तार युवाओं में कई ऐसे शामिल हैं जिनके परिवारों में वो अकेले ही कमाने वाले हैं। यही सही वक्त है जब उन्हें यह महसूस करना होगा कि उनके पीछे उनके परिवारों पर क्या गुजरती होगी।
उन्होंने तौकीर जैसे धर्म गुरुओं को नसीहत देते हुए कहा कि अगर लोग आप पर भरोसा करते हैं तो आप उन्हें सही रास्ता दिखाएं न कि रास्ते से भटकायें।

बीती 26 सितम्बर को बरेली में जुम्मे की नमाज के बाद हुई हिंसा और बवाल के मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता कहे जाने वाले मौलाना तौकीर रजा के साथियों, करीबियों और रिश्तेदारों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। तौकीर रजा के करीबियों के अवैध निर्माण पर बरेली नगर निगम ने बुलडोजर एक्शन और सीलिंग की कार्रवाई को काफ़ी सख्ती से अंजाम दिया है।

बरेली हिंसा को लेकर तौकीर रजा के खिलाफ दर्ज एफआईआर की कॉपी में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। एफआईआर में भी लिखा गया है कि तौकीर रजा ने बरेली में बवाल और हिंसा के लिए पूर्व नियोजित साजिश रची थी। नमाज के बाद बड़ी संख्या में करीबियों और रिश्तेदारों को इकट्ठा कर उन्हें बवाल के लिए भड़काया गया था। इस मामले में अभी तक लगभग 72 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!