February 5, 2026

गणतंत्र दिवस से पहले हाई अलर्ट पर दिल्ली, रेलवे स्टेशनों और बाजारों में आतंकियों के पोस्टर चस्पा!

0
0
0

KTF प्रमुख अर्श डल्ला पर खास नजर

कनाडा से ऑपरेट कर रहा अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। 77वें गणतंत्र दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से कड़ा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर हैं। खुफिया इनपुट्स के आधार पर शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में कुख्यात वांटेड आतंकियों के पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि आम जनता की मदद से किसी भी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।

रविवार रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दिल्ली पुलिस द्वारा पोस्टर लगाए गए, वहीं सुरक्षा बलों की तैनाती भी बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम पूरी तरह एहतियाती है और इसका उद्देश्य नागरिकों को सतर्क करना है।

अलर्ट दिल्ली पुलिस (फाइल फोटो)

प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के सदस्य पोस्टरों में शामिल

इन पोस्टरों में बब्बर खालसा इंटरनेशनल, जैश-ए-मोहम्मद, अल-कायदा और खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े वांटेड आतंकियों की तस्वीरें और विवरण शामिल हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) के चीफ अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला का है, जो कथित तौर पर कनाडा से बैठकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी नेटवर्क संचालित कर रहा है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अलावा पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन, आनंद विहार, सराय रोहिल्ला जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी ये पोस्टर चस्पा किए गए हैं, जहां रोजाना लाखों यात्रियों की आवाजाही होती है।

दिल्ली का भीड़भाड़ वाला इलाका (फाइल फोटो)

भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष निगरानी

दिल्ली के सरोजनी नगर, करोल बाग, लाजपत नगर, पहाड़गंज, सदर बाजार और चांदनी चौक जैसे प्रमुख और हमेशा भीड़ से भरे बाजारों में भी ये पोस्टर लगाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इन इलाकों में आम नागरिकों की सतर्कता किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान में अहम भूमिका निभा सकती है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इन आतंकियों को पहचानता है या उनकी गतिविधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी रखता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचित करें या आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करें।

खुफिया एजेंसियों ने जताया ‘हाइब्रिड मॉडल’ का खतरा

खुफिया एजेंसियों के अनुसार, खालिस्तानी संगठनों के साथ-साथ बांग्लादेश स्थित कुछ आतंकी तत्व और स्थानीय गैंगस्टरों का एक ‘हाइब्रिड मॉडल’ सक्रिय है। इस मॉडल के तहत विदेश में बैठे आतंकी हैंडलर्स सीधे भारत आने के बजाय पंजाब और आसपास के राज्यों के गैंगस्टरों को ‘फुट सोल्जर’ के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। इन्हीं के जरिए हथियारों की सप्लाई, रेकी और संभावित हमलों की साजिश रची जा रही है।

मॉक ड्रिल (प्रतीकात्मक इमेज)

मॉक ड्रिल और अतिरिक्त बल की तैनाती

दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह से पहले कई मॉक ड्रिल की हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर दोहराया है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में जनता की सतर्कता और सहयोग सबसे बड़ी ताकत है। गणतंत्र दिवस के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए हर नागरिक की जिम्मेदारी अहम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!