फर्जी प्लेसमेंट कंपनी का भंडाफोड़, सिहानी गेट पुलिस ने दो शातिर ठग दबोचे
फोटो जर्नलिस्ट: अनिल शर्मा
नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से 30 लाख की ठगी
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट पुलिस ने फर्जी प्लेसमेंट कंपनी चलाकर बेरोजगार युवक-युवतियों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नौकरी के नाम पर चल रहे ठगी के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
बीती 12 दिसंबर को मालिवाड़ा, गाजियाबाद निवासी आशीष ठाकुर पुत्र कुशलपाल सिंह राघव सहित अन्य पीड़ितों ने थाना सिहानी गेट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरएस हेल्थ केयर मैनेजमेंट मार्केटिंग प्रा. लि./ युनिक मैनेजमेंट सर्विसेज प्रा. लि. के नाम से एक फर्जी प्लेसमेंट कंपनी संचालित की जा रही है। आरोपियों ने नौकरी व ट्रेनिंग दिलाने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे अलग-अलग लोगों से मोटी रकम वसूली।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने विभिन्न बेरोजगार युवक-युवतियों से करीब 30 लाख रुपये की ठगी की। न तो किसी को नौकरी दिलाई गई और न ही ली गई धनराशि वापस की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिहानी गेट पर मु0अ0सं0 430/2025 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान 13 दिसंबर को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रितेश शर्मा, निवासी भूड़ कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा), मूल निवासी सिवान, बिहार तथा अमन, निवासी भगवती गार्डन, जैन रोड, द्वारका मोड़, नई दिल्ली, मूल निवासी मोतिहारी, बिहार शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मेट्रो स्टेशन, एयरपोर्ट और निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने का लालच देकर युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे और उनसे रजिस्ट्रेशन व ट्रेनिंग फीस के नाम पर रकम ऐंठ लेते थे। पुलिस के अनुसार अभियुक्त रितेश शर्मा के खिलाफ पहले भी दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
