आत्मनिर्भर भारत की राह पर यूपी सरकार, व्यापारियों को मिला भरोसा
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
भदोही। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि भारतीय उद्योगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार हर चुनौती को अवसर में बदलने के लिए तैयार है और कारोबारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

सीएम योगी भदोही में आयोजित 49वें अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला और चौथे कारपेट एक्सपो के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कालीन कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव सहयोग देगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल उद्योग को बचाना नहीं, बल्कि उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। जब एक देश टैरिफ लगाता है, तो हम दस नए देशों के साथ व्यापार के रास्ते खोलेंगे। यही आत्मनिर्भर भारत की भावना है। चुनौतियों से डरने की नहीं, उन्हें अवसर में बदलने की ज़रूरत है। सरकार आपके साथ है, आपका भविष्य उज्ज्वल है।”
उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप के टैरिफ के बावजूद भारत नए बाज़ारों की तलाश में जुटा है। “जब भी चुनौतियाँ आती हैं, वे अपने साथ अवसर भी लाती हैं। अमेरिका ने टैरिफ लगाए हैं, लेकिन वह सिर्फ एक देश का निर्णय है। उन्होंने कहा, भारत तेजी से यूएई, ब्रिटेन और अन्य देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे हमारे उद्योगों के लिए नए दरवाज़े खुलेंगे,”।
ट्रंप का भारत पर टैरिफ
अगस्त में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूस के साथ व्यापार करने के कारण 25 प्रतिशत ‘प्लस पेनल्टी’ टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। कुछ दिनों बाद उन्होंने अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ और जोड़ दिया, जिससे कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो गया। भारत ने इस कदम को “अनुचित, असंगत और अन्यायपूर्ण” बताया था।
इस निर्णय से भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव पैदा हो गया था, हालांकि हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच संबंधों में कुछ नरमी देखी जा रही है।
सीएम योगी के बयान ने न केवल व्यापारियों में भरोसा जगाया है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी दोहराया है, जहां चुनौतियाँ रुकावट नहीं, बल्कि नए अवसरों का मार्ग खोलती हैं।