February 12, 2026

अब अपराध से पहले अलर्ट: नोएडा पुलिस ‘यक्ष’ से बदलेगी अपराध नियंत्रण की परिभाषा!

0
0
0

एआई के सहारे अपराधियों की डिजिटल कुंडली

चेहरे और आवाज से पहचान

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

गौतमबुद्ध नगर। नोएडा पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए जिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित “यक्ष” ऐप को मैदान में उतारा है, वह सिर्फ एक टेक्नोलॉजी टूल नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिसिंग के भविष्य की झलक भी है। सवाल सिर्फ यह नहीं है कि इससे अपराधियों तक कितनी तेजी से पहुंच बनेगी बल्कि यह भी है कि क्या पुलिसिंग अब डेटा-ड्रिवन युग में प्रवेश कर चुकी है ?

यक्ष ऐप को लांच करते यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और डीजीपी (फाइल फोटो)

अपराध नहीं, अब ‘व्यवहार’ ट्रैक होगा

अब तक पुलिस किसी वारदात के बाद सक्रिय होती थी, लेकिन “यक्ष” ऐप के जरिए पुलिस का फोकस घटना के बाद की कार्रवाई से पहले की संभावनाओं पर शिफ्ट हो रहा है। ऐप अपराधियों के पुराने रिकॉर्ड के साथ-साथ उनके मूवमेंट पैटर्न, इलाके की संवेदनशीलता और गैंग नेटवर्क को जोड़कर एक तरह की डिजिटल प्रोफाइलिंग तैयार करता है। इसका मतलब साफ है कि अब पुलिस सिर्फ अपराध नहीं, बल्कि अपराध की आशंका को भी ट्रैक करेगी।

प्रतीकात्मक इमेज

बीट कॉन्स्टेबल से लेकर पुलिस मुख्यालय तक एक ही सिस्टम

यक्ष ऐप की सबसे बड़ी खासियत इसकी ग्राउंड-टू-हेडक्वार्टर कनेक्टिविटी है। बीट कॉन्स्टेबल द्वारा अपलोड की गई संदिग्ध व्यक्ति की फोटो या सूचना सीधे लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय तक पहुंच रही है। इससे पहली बार ऐसा हो रहा है कि फील्ड इंटेलिजेंस और पॉलिसी-लेवल मॉनिटरिंग एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आ गई है।

प्रतीकात्मक इमेज

फेस और वॉयस: पहचान की नई परिभाषा

फेसियल रिकग्निशन और वॉयस सर्च जैसे फीचर्स नोएडा पुलिस को तकनीकी रूप से उन राज्यों की कतार में खड़ा कर रहे हैं, जहां एआई-आधारित प्रिडिक्टिव पुलिसिंग पर काम शुरू हो चुका है। हालांकि पुलिस का दावा है कि इससे बड़े अपराधियों की पहचान आसान होगी, लेकिन यह भी तय है कि आने वाले समय में चेहरे और आवाज डेटा की सुरक्षा बड़ा मुद्दा बनेगा।

अपराधियों की डिजिटल कुंडली: फायदा या जोखिम ?

यक्ष ऐप में अपराधियों की जो “डिजिटल कुंडली” बनाई जा रही है, उसमें नाम, फोटो, गैंग, इलाका, जेल स्टेटस और फरारी तक का रिकॉर्ड है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पुलिसिंग के लिए तो उपयोगी है, लेकिन अगर डेटा गलत या अधूरा हुआ तो किसी निर्दोष व्यक्ति को भी लंबे समय तक संदेह के दायरे में रखा जा सकता है।

प्रतीकात्मक इमेज

कानून-व्यवस्था से आगे की कहानी

नोएडा जैसे शहरी और औद्योगिक क्षेत्र में अपराध सिर्फ स्थानीय नहीं, बल्कि इंटर-स्टेट और इंटर-सिटी नेटवर्क से जुड़ा होता है। यक्ष ऐप के जरिए दिल्ली, गाजियाबाद और अन्य जिलों से जुड़े अपराधियों की निगरानी यह संकेत देती है कि पुलिस अब सीमा-आधारित नहीं, नेटवर्क-आधारित कार्रवाई की ओर बढ़ रही है।

टेक्नोलॉजी समाधान है, विकल्प नहीं

यक्ष ऐप से पुलिसिंग निश्चित तौर पर तेज, स्मार्ट और समन्वित होगी, लेकिन यह भी उतना ही सच है कि तकनीक मानव विवेक का विकल्प नहीं हो सकतीअपराध नियंत्रण में एआई तभी सफल होगा, जब उसके साथ कानूनी निगरानी, डेटा जवाबदेही और पारदर्शिता भी उतनी ही मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!