Income Tax New Rules 2026: सोशल मीडिया से लेकर ई-मेल तक, अब डिजिटल सबूतों के सहारे टैक्स चोरी पर शिकंजा!

NEWS1UP
स्पेशल रिपोर्ट
नई दिल्ली। सरकार टैक्स चोरी के खिलाफ अब डिजिटल मोर्चे पर निर्णायक कदम उठाने जा रही है। 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले नए आयकर कानून के तहत आयकर विभाग को जांच के दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से जुड़े डेटा तक पहुंच का अधिकार मिलेगा। इसमें सोशल मीडिया अकाउंट, ई-मेल, क्लाउड स्टोरेज और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि यह कदम टैक्स सिस्टम को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए उठाया गया है, ताकि डिजिटल माध्यमों से की जा रही टैक्स चोरी पर लगाम लगाई जा सके।
डिजिटल फुटप्रिंट अब जांच का अहम आधार
नए कानून के तहत, यदि आयकर विभाग को यह संदेह होता है कि कोई व्यक्ति अपनी वास्तविक आय छुपा रहा है, तो वह उसके डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच कर सकता है। आज के दौर में आय, निवेश और खर्च का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन हो चुका है, ऐसे में टैक्स चोरी के तरीके भी डिजिटल हो गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली महंगी जीवनशैली, जैसे लग्जरी कारें, विदेशी यात्राएं, आलीशान घर और आयकर रिटर्न में दिखाई गई सीमित आय के बीच असंगति जांच का कारण बन सकती है।
क्या हर नागरिक की निगरानी होगी ?
सरकार और आयकर विभाग ने इस आशंका को खारिज किया है कि हर नागरिक के सोशल मीडिया या ई-मेल पर निगरानी रखी जाएगी। स्पष्ट किया गया है कि जांच केवल ठोस आधार और पुख्ता संदेह की स्थिति में होगी, बिना कारण किसी व्यक्ति के डिजिटल अकाउंट्स की जांच नहीं की जाएगी और हर कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया और निर्धारित मंजूरी के बाद ही की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि ईमानदार टैक्सपेयर्स को इससे घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
प्राइवेसी बनाम टैक्स अनुपालन
नए प्रावधानों को लेकर निजता (Privacy) पर सवाल भी उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल डेटा तक पहुंच के अधिकार के साथ-साथ दुरुपयोग रोकने के लिए सख्त सुरक्षा उपाय भी जरूरी हैं। हालांकि सरकार का दावा है कि किसी के निजी मैसेज, ई-मेल या डेटा को मनमाने ढंग से एक्सेस नहीं किया जाएगा और आम नागरिकों की प्राइवेसी सुरक्षित रहेगी।
किन पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
इन नियमों का सीधा असर उन मामलों पर पड़ेगा जहां आय छुपाई जा रही है। फर्जी कंपनियों या बेनामी लेन-देन के जरिए पैसा घुमाया जा रहा है तथा जहां खर्च वास्तविक आय से कहीं अधिक दिखता है। आयकर कानूनों से जुड़े जानकारों के अनुसार, नए कानून से बड़े टैक्स चोरी नेटवर्क्स पर कार्रवाई आसान होगी।
आम टैक्सपेयर्स के लिए क्या सलाह
कर विशेषज्ञों का कहना है कि आम टैक्सपेयर्स को अपनी आय और खर्च का सही विवरण रखना चाहिए, डिजिटल ट्रांजैक्शन में पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए साथ ही टैक्स रिटर्न समय पर और ईमानदारी से भरना चाहिए। ऐसा करने वालों के लिए नया कानून किसी परेशानी का कारण नहीं बनेगा।
1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाला नया आयकर कानून सरकार की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत टैक्स चोरी के बदलते डिजिटल तरीकों से निपटा जा सके।
