[t4b-ticker]

दुबग्गा में 170 भेड़ों की मौत का मामला: सीएम योगी ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश और मुआवजे की घोषणा!

0
CS

NEWS1UP

संवाददाता

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास करीब 170 भेड़ों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर इस घटना को 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन समारोह से जोड़कर देखा जा रहा है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, उद्घाटन कार्यक्रम के बाद बचा हुआ भोजन खुले स्थान पर फेंक दिया गया था। आशंका जताई जा रही है कि चराई के दौरान भेड़ों ने वही भोजन खा लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

भेड़ पालक के मुताबिक-

“भेड़ों ने फेंका हुआ खाना खाया, इसके थोड़ी देर बाद वे असहज होने लगीं। कुछ भेड़ें चिल्लाने लगीं और फिर धीरे-धीरे बेहोश होती चली गईं। सुबह तक कई भेड़ों की मौत हो चुकी थी।”

भेड़ पालक ने बताया कि मृत भेड़ों के शरीर अकड़े हुए थे, जिससे किसी जहरीले या हानिकारक पदार्थ के सेवन की आशंका गहराई।

पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद सरकारी पशु चिकित्सा टीम को बुलाया गया, जिसने जीवित बची भेड़ों का इलाज शुरू किया। साथ ही मृत भेड़ों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आ पाएगा।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन से कहा गया है कि यह स्पष्ट किया जाए कि भोजन किस परिस्थिति में और किसके निर्देश पर फेंका गया, क्या उसमें कोई जहरीला तत्व मौजूद था ? और आयोजन के बाद कचरा और भोजन निस्तारण में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।

मुआवजे की घोषणा

राज्य सरकार की ओर से प्रभावित भेड़ पालक को प्रति भेड़ 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।

जांच के नतीजों का इंतजार

फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा और यदि लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर बड़े सरकारी आयोजनों के बाद भोजन और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत को रेखांकित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!