February 9, 2026

लाल क़िले की ख़ामोशी: जब आवाज़ें थम गईं और घरों ने बोलना छोड़ दिया!

0
4
0

एक शहर, जो उस शाम थम गया!

NEWS1UP

संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली की हवा में अचानक एक तेज़ धमाका गूंजा। लाल क़िले के पास, जहाँ रोज़ शामें पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चहल-पहल से भरपूर रहती हैं, उस रात सन्नाटा फैल गया। सायरन, चीखें, दौड़ते कदमों की आवाज़, और फिर एक गहरी ख़ामोशी। पर असली धमाका तो अस्पतालों और घरों के भीतर हुआ, जहाँ किसी ने फोन उठाकर कहा, “फोन नहीं लग रहा है, शायद नेटवर्क चला गया है…” और फिर अगली सुबह, वही फोन सिर्फ़ एक पहचान के लिए बजाया गया। यह कहानी उसी शाम की नहीं, बल्कि उन परिवारों की है, जो अब हर दिन उस शाम को जीते हैं। उनकी आँखों में अभी भी उम्मीद की लौ है, पर आवाज़ में थकावट है। किसी ने पति खोया, किसी ने बेटा, किसी ने दोस्त, और दिल्ली ने अपना चैन।

लाल क़िले के बाहर उस शाम जो धमाका हुआ, उसने सिर्फ़ ईंट-पत्थर नहीं तोड़े, उसने कई घरों की नींव हिला दी। उस रात अस्पतालों, थानों और मोर्चरी के बीच भटकते लोग किसी रिपोर्ट के “नंबर” नहीं थे, वे ऐसे चेहरे थे जिनकी आंखों में उम्मीद और डर एक साथ पल-पल मरते रहे।

 कौन मोटा है, कौन पतला है, पर मेरे पति की बॉडी कहां है ?

मोर्चरी के बाहर इंतज़ार करतीं जुम्मन की पत्नी तनुजा

ठंडी मोर्चरी की दीवारों से टकराकर लौटते हुए तानूजा के शब्द अब भी गूंजते हैं, पति जुम्मन खान (35), ई-रिक्शा चलाते थे। सोमवार की शाम घर नहीं लौटे। फोन ट्रैकर की आख़िरी लोकेशन blast site पर थमी थी। अगले दिन सुबह से ही तानूजा, जो खुद दिव्यांग हैं, बच्चों और रिश्तेदारों संग अस्पताल और पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाती रहीं। शाम तक पहचान मिली, लेकिन शरीर अधूरा था, सिर्फ़ धड़। बेटे ने कपड़े के टुकड़े देखकर कहा, “ये अब्बू हैं…” तीन छोटे बच्चों की आंखों में अब सिर्फ़ सवाल हैं, “अम्मी, अब कौन कमाएगा ?”

 चेहरे नहीं, निशान बोले: Mom, my first love. Dad, my strength.

अमर कटारिया (34) के दोस्त ने जब उनका नाम WhatsApp ग्रुप में देखा, “Body identified through tattoos”, तो स्क्रीन धुंधली हो गई। अमर, भगीरथ पैलेस के फर्मासिस्ट और व्होलसेलर थे। चेहरा पहचान में नहीं आया, लेकिन बाहों पर बने टैटू ने सब कुछ कह दिया। उनकी पत्नी कृति अब बेटे को वही टैटू दिखाकर कहती हैं, “ये तुम्हारे पापा थे, जिनके लिए परिवार सबसे बड़ा धर्म था।”

उसी बाजार में दिनेश कुमार (36) की दुकान “काजू-किशमिश” अब भी सजी है, लाल-सुनहरे वेडिंग कार्डों से।
दुकान मालिक लव जैन कहते हैं-

“वो हंसता बहुत था… लग रहा है बस कहीं गया है, अभी लौट आएगा।”

 गाड़ी की हालत देखकर समझ गए थे, अब कोई कॉल नहीं आएगा!

विलाप करतीं पंकज सैनी की बहन और माँ

पंकज सैनी (22) ओला कैब ड्राइवर थे। सोमवार को उन्होंने दिन की आख़िरी राइड खत्म की थी। रात को परिवार ने सोशल मीडिया पर उनकी गाड़ी की तस्वीर देखी, मलबे में तब्दील। गाड़ी की हालत देखकर लग गया कि अब उसका बचना मुश्किल है,” भाई बोले। अगली सुबह मोर्चरी में पहचान हुई। पिता के हाथ काँप रहे थे जब सफेद चादर उठी, और सब कुछ थम गया।

 वो हर हफ्ते माल लेने आता था, अब मालूम नहीं कब लौटेगा!

मोर्चरी के बाहर विलाप में नौमान के पिता

नौमान अंसारी (21), शामली के छोटे दुकानदार थे। हर हफ्ते दिल्ली आते, सौंदर्य प्रसाधनों का सामान खरीदने। उस शाम अपने दोस्त अमन के साथ थे। अमन बच गया, लेकिन नौमान नहीं। भाई अस्पताल में महीनों से भर्ती था, अब घर में दो मौन बिस्तर हैं, एक बीमार का, दूसरा स्थायी चुप्पी का।

 साथ घर लौटने निकले थे, अब साथ ही अंतिम यात्रा में!

लोकेश अग्रवाल (60), खाद व्यापारी और अशोक कुमार (34), DTC कंडक्टर, दोनों अमरोहा के थे। दिल्ली से लौटने के लिए साथ निकले थे। रास्ते में धमाका हुआ, और दोनों चले गए। अब अमरोहा के उनके मोहल्ले में हर शाम वही बात दोहराई जाती है-

“कभी सोचा नहीं था, ये दो मुस्कुराते चेहरे एक साथ यूं खो जाएंगे।”

 टीवी पर बस ख़बरें बदलती हैं, ज़िंदगी नहीं!

मोहसिन मलिक (35), ई-रिक्शा चलाते थे। पत्नी सुल्ताना अब हर रात वही चैनल देखती हैं, जिस पर पहली बार “Red Fort Blast” लिखा आया था। शायद उन्हें उम्मीद है कि कभी स्क्रीन पर लिखा आए, “लापता मोहसिन मिल गए हैं।” लेकिन स्क्रीन बदलती है, हकीकत नहीं।

 शहर थम गया, पर सवाल बाकी हैं…

लाल क़िले की दीवारें अब भी खामोश हैं, लेकिन दिल्ली के दिल में जो गूंज उठी है, वो खत्म नहीं हुई। यह सिर्फ़ एक हादसा नहीं था, यह उन परिवारों की कहानी है, जिनकी रोटी, मुस्कान और उम्मीद, एक साथ राख हो गई।

“कभी-कभी सबसे बड़ा शोर वही होता है , जो किसी की चुप्पी में छिपा होता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!