कौशल प्रतियोगिता 2025-26: 40 विजेताओं का सम्मान, यूपी के युवा ग्लोबल मंच के लिए तैयार!
NEWS1UP
संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने की दिशा में लगातार नए कीर्तिमान रच रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) द्वारा आयोजित इंडिया स्किल्स कॉम्पीटिशन 2025-26 के तहत राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के 40 विजेताओं को बुधवार को लखनऊ स्थित मिशन मुख्यालय में सम्मानित किया गया।

20 विभिन्न स्किल ट्रेड्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक ट्रेड से दो विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आयोजन व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम और मिशन निदेशक पुलकित खरे ने विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।
डॉ. हरिओम ने कहा कि योगी सरकार युवाओं को आधुनिक, रोजगारोन्मुख और वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि चयनित विजेता लखनऊ में आयोजित विशेष बूट कैंप में भाग लेकर नॉर्थ रीजनल, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करेंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 के लिए इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश से रिकॉर्ड 1,09,249 पंजीकरण हुए हैं, जिससे प्रदेश देश में सर्वाधिक पंजीकरण वाला राज्य बन गया है। इस वर्ष 20 स्किल्स में सहभागिता और 11 केंद्रों पर प्रतियोगिता आयोजन ने यूपी को कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित किया है।
कार्यक्रम के दौरान मिशन के सोशल मीडिया सेल का शुभारंभ किया गया और गुणवत्तायुक्त प्रशिक्षण को सशक्त बनाने के लिए NIESBUD के साथ एमओयू का हस्तांतरण भी किया गया। यह आयोजन न केवल युवाओं के सपनों को नई उड़ान देता है, बल्कि उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कौशल मंचों पर मजबूत पहचान भी दिला रहा है।
