युवा शक्ति ही भारत को विश्वगुरु बनाएगी: योगी आदित्यनाथ
सीएम ने स्वामी विवेकानंद व माता जीजाबाई को किया नमन
योगी का जल संरक्षण, एक पेड़ मां के नाम, पर्यावरण संरक्षण पर जोर
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “लक्ष्य पर एकाग्रता, संकल्प में दृढ़ता और कर्म में निरंतरता,यही स्वामी विवेकानंद का संदेश है और यही विकसित भारत का मार्ग है।” इच्छाशक्ति और संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाला युवा हर परिस्थिति में बदलाव का वाहक बन सकता है।
सीएम योगी ने यह बातें सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को युगप्रवर्तक बताते हुए कहा कि नरेंद्र से विवेकानंद बनने की उनकी यात्रा साधना, संघर्ष और राष्ट्रबोध की यात्रा थी।
भारत को आत्मबोध दिलाने वाले युवा संन्यासी थे विवेकानंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय भारत अपनी सुप्त चेतना के कारण आत्मबोध खोता जा रहा था। विदेशी आक्रांताओं द्वारा सभ्यता और संस्कृति को अपमानित किया जा रहा था। ऐसे दौर में स्वामी विवेकानंद ने भारत को उसकी भारतीयता का परिचय कराया।
शिकागो की धर्मसभा में उनका यह उद्घोष-
“मुझे गर्व है कि मैं हिंदू हूं”
पूरी दुनिया को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराने वाला था।
आज दुनिया भारत की ओर देख रही है
सीएम योगी ने कहा कि आज वैश्विक संकटों के दौर में दुनिया भारत की ओर देख रही है।
“आज दुनिया कहती है, मोदी जी, आप कुछ कीजिए। यह विश्वास भारत की युवा शक्ति का प्रमाण है।”
उन्होंने युवाओं से विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ जुड़ने का आह्वान किया।

गाजियाबाद की बेटियां बनीं यूथ आइकॉन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 युवाओं, तीन युवक मंगल दल और तीन महिला मंगल दल को राज्यस्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया। इसमें गाजियाबाद की बेटियां शिखा सहलोत और साक्षी झा भी शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने दोनों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं।

खेल, पर्यावरण और जल संरक्षण पर फोकस
सीएम योगी ने घोषणा की कि आगामी वर्षों में विवेकानंद यूथ अवॉर्ड के लिए खेल गतिविधियां, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने युवक व महिला मंगल दल से कहा कि वे गांव-गांव में खेल मैदान, मिनी स्टेडियम, जल संरचनाओं के पुनरुद्धार और नदियों को अतिक्रमण मुक्त कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जुलाई 2026 में फिर होगा 35 करोड़ पौधरोपण
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन आंदोलन बनाया गया है। उन्होंने ऐलान किया कि जुलाई 2026 में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है।
नशा, सिफारिश और वसूली अब नहीं चलेगी
सीएम योगी ने युवाओं से नशे के खिलाफ मोर्चा खोलने की अपील करते हुए कहा कि नशा युवा पीढ़ी और राष्ट्र दोनों को खोखला करता है।
उन्होंने साफ कहा-
“अब न सिफारिश चलेगी, न पैसे का लेनदेन और न ही ‘महाभारत के रिश्ते’ वसूली के लिए निकलेंगे, ऐसा करने वालों को जेल जाना होगा।”
रोजगार, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप में यूपी आगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी आज सबसे कम बेरोजगारी दर वाले राज्यों में शामिल है। 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, 2 करोड़ युवाओं को रोजगार/स्वरोजगार, 50 लाख युवाओं को स्मार्टफोन-टैबलेट दिए हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक, एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं के लिए अनंत अवसर हैं।
तकनीक के साथ नैतिकता जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि तकनीकी प्रगति तभी सार्थक होगी जब उसके साथ नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता भी हो।
स्वामी विवेकानंद के विचारों को दोहराते हुए उन्होंने कहा-
“युवा ही राष्ट्र के वास्तविक शिल्पकार हैं।”
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, खेल व युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल. वाई आदि उपस्थित रहे।
