यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में 12 हजार करोड़ से अधिक का निवेश: सीएम योगी ने चार परियोजनाओं को सौंपे भूमि आवंटन पत्र
सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और मेडिकल एजुकेशन में
यूपी की बड़ी छलांग!
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में चार प्रमुख परियोजनाओं को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और मेडिकल कॉलेज से जुड़ी इन परियोजनाओं में 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश होगा।
मुख्यमंत्री ने इंडिया चिप प्रा. लि., एसेंट सर्किट प्रा. लि., अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड और बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को भूमि आवंटन पत्र सौंपे। निवेशकों ने प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, कानून व्यवस्था और सहयोगी प्रशासन की सराहना की।

इस अवसर पर योगी ने कहा कि बीते साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने नीति स्थिरता, सुशासन और त्वरित निर्णयों के बल पर अभूतपूर्व औद्योगिक परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि “यह उत्तर प्रदेश में निवेश का गोल्डन टाइम है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से प्राप्त 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, मेट्रो और प्रस्तावित जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में हो रहे निवेश से प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
इन परियोजनाओं को मिला भूमि आवंटन:
-
इंडिया चिप प्रा. लि. (एचसीएल-फॉक्सकॉम संयुक्त उपक्रम)
-
48 एकड़ भूमि : ₹3706.15 करोड़ निवेश : सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन
-
एसेंट सर्किट प्रा. लि.
-
16 एकड़ भूमि : ₹3250 करोड़ निवेश : पीसीबी व सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स
-
अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड
-
100 एकड़ भूमि : ₹3532 करोड़ निवेश : 1500+ रोजगार
-
बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट
-
20.50 एकड़ भूमि : ₹532.18 करोड़ निवेश : मेडिकल कॉलेज स्थापना
