गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान पुलिसकर्मी की हार्ट अटैक से मौत!
NEWS1UP
संवाददाता
धाराशिव (महाराष्ट्र)। गणतंत्र दिवस का गर्व, तिरंगे की शान और सलामी का सम्मान, लेकिन महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के उमरगा में यही पल एक परिवार के लिए जीवन भर का दर्द बन गया। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राज्य उत्पादन शुल्क विभाग में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) मोहन भीमा जाधव की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। देश को सलामी देते-देते वे जमीन पर गिर पड़े और फिर कभी नहीं उठे।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारी अनुशासन में एक पंक्ति में खड़े थे। इसी बीच PSI मोहन जाधव को अचानक चक्कर आया। कुछ ही पलों में वे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट भी आई। मौके पर मौजूद अधिकारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

उन्हें तुरंत उमरगा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
इस दुखद घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक जिम्मेदार अफसर ड्यूटी के दौरान अचानक गिर पड़ता है, यह दृश्य हर किसी को भीतर तक झकझोर देने वाला है।
PSI मोहन जाधव की मौत से न सिर्फ विभाग, बल्कि उनका परिवार भी गहरे सदमे में है। उनके पीछे पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता रह गए हैं, जिनके लिए यह नुकसान कभी पूरा नहीं हो सकता।
