यूपी में हाई अलर्ट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए सघन चेकिंग और सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
Delhi Blast: 11 की मौत, 30 घायल, दो संदिग्ध हिरासत में लिए गए!

NEWS1UP
ब्यूरो रिपोर्ट
लखनऊ। दिल्ली में हुए विस्फोट की घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सुरक्षा और सतर्कता को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से घटना की जानकारी प्राप्त करने के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित किया है और सभी जिलों में सघन चेकिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में डीजीपी राजीव कृष्ण ने समस्त जनपदीय पुलिस अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनमें सुरक्षा प्रबंधन को और सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया है।
डीजीपी के निर्देश: मैदान में उतरेंगे वरिष्ठ अधिकारी, हर स्तर पर बढ़ाई जाएगी सतर्कता

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फील्ड में मौजूद रहेंगे
सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों एवं धार्मिक स्थलों का स्वयं निरीक्षण, भ्रमण एवं पेट्रोलिंग करें।
सुरक्षा व्यवस्था की पुनर्समीक्षा
प्रमुख प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, मॉल, सिनेमा हॉल, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील बिंदुओं की सुरक्षा व्यवस्था का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा। थ्रेट असेसमेंट के अनुसार सुरक्षा स्तर को तुरंत बढ़ाने के आदेश हैं।
सघन वाहन चेकिंग और जनता की सुविधा का ध्यान

सभी जिलों में वाहनों की सघन चेकिंग, मेट्रो, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश हैं। साथ ही, यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आम जनता को अनावश्यक असुविधा न हो।
एटीएस और बम निरोधक दस्ते अलर्ट पर
एटीएस, क्यूआरटी (Quick Response Teams), बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को तत्पर मोड में रखा गया है। फुट पेट्रोलिंग और एरिया डोमिनेशन बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी और इंटेलिजेंस नेटवर्क सक्रिय
सभी जिलों में सीसीटीवी फ़ीड्स का रीयल-टाइम विश्लेषण करने तथा स्थानीय ख़ुफ़िया तंत्र और नागरिक सूचना नेटवर्क को सक्रिय करने के आदेश हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की त्वरित रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा सके।
लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लावारिस वस्तुओं व संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी 112 पीआरवी पर लगातार गश्त
संवेदनशील स्थानों पर यूपी 112 पीआरवी वाहनों को निरंतर भ्रमणशील रहने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।
सोशल मीडिया की निगरानी
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने, प्राप्त हर इनपुट को गंभीरता से लेने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सतर्कता के साथ जनता से सहयोग की अपील
पुलिस विभाग ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत 112 या स्थानीय पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ जनता की दैनिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
