उप्र पुलिस मुख्यालय में डीएसपी दीप्ति शर्मा का सम्मान, मैदान से वर्दी तक उत्कृष्टता का जलवा!
क्रिकेट की शान, वर्दी का मान
दीप्ति शर्मा, यूपी पुलिस परिवार की नई प्रेरणा
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में बीते शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एवं उप पुलिस अधीक्षक दीप्ति शर्मा का सम्मान समारोह पूरे पुलिस परिवार के लिए गौरव का क्षण बन गया। देश-विदेश में अपनी उत्कृष्ट क्रिकेट प्रतिभा से भारत का नाम रोशन करने वाली दीप्ति शर्मा ने वर्दी में कर्तव्यनिष्ठ सेवा का मान बढ़ाते हुए एक नई मिसाल पेश की है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति स्मृति प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल के मैदान में दीप्ति की अदम्य जिजीविषा, अनुशासन और विश्वस्तरीय प्रदर्शन न केवल भारतीय खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि यूपी पुलिस की मूल विचारधारा, उत्कृष्टता, प्रतिबद्धता और समाजसेवा का जीवंत प्रतीक भी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘कुशल खिलाड़ी योजना’ का दिख रहा प्रभाव
दीप्ति शर्मा की उपलब्धि यह भी दर्शाती है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कुशल खिलाड़ी योजना ने उत्तर प्रदेश में प्रतिभा संवर्धन का नया अध्याय लिखा है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीधे विभिन्न विभागों में प्रतिष्ठित पदों पर नियुक्ति देकर राज्य के युवाओं को प्रोत्साहन मिला है, खेल को पेशेवर दिशा मिली है,और सरकारी सेवाओं में विश्वस्तरीय खिलाड़ियों की नई ऊर्जा का संचार हुआ है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां विश्व चैंपियन खिलाड़ी अब वर्दी पहनकर जनता की सेवा कर रहे हैं और युवाओं के लिए प्रेरक रोल मॉडल बन रहे हैं।
दीप्ति शर्मा: गेमचेंजर खिलाड़ी से कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी तक
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में शामिल दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कई ऐतिहासिक प्रदर्शन किए हैं—
-
विश्वकप और टी-20 मुकाबलों में बेहतरीन रिकॉर्ड
-
निर्णायक मौकों पर मैच-विनिंग स्पेल और अहम पारियाँ
-
और फील्ड पर अटूट आत्मविश्वास
इन सभी उपलब्धियों ने उन्हें वैश्विक खेल मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाई। अब पुलिस वर्दी में उनका योगदान उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि और भावना को और भी मजबूत बनाएगा। कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि दीप्ति की कहानी हर युवा खिलाड़ी को यह संदेश देती है कि खेल और सेवा, दोनों में उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है, यदि अनुशासन और संकल्प मजबूत हों।

पुलिस परिवार की प्रेरणा बनीं दीप्ति
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि दीप्ति शर्मा जैसी विश्वस्तरीय खिलाड़ी का यूपी पुलिस परिवार का हिस्सा होना अत्यंत गर्व की बात है। उनका व्यक्तित्व न केवल खेल में श्रेष्ठता का उदाहरण है, बल्कि समाज के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना का भी परिचायक है।
कार्यक्रम का समापन दीप्ति शर्मा के उत्साहपूर्ण संबोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि-
“वर्दी पहनकर देश की सेवा करना उतना ही सम्मान की बात है, जितना भारत की जर्सी पहनकर खेलना। दोनों जिम्मेदारियों से मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ न्याय करूंगी।”
उप्र पुलिस मुख्यालय में आयोजित यह सम्मान समारोह केवल एक खिलाड़ी का सम्मान नहीं था, बल्कि उस बदलते उत्तर प्रदेश का प्रतीक था, जहां प्रतिभा को न केवल पहचाना जाता है, बल्कि सम्मानित कर उचित मंच भी दिया जाता है। दीप्ति शर्मा का यह गौरवपूर्ण सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
