मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक: कर्तव्यनिष्ठा और साहस का सम्मान!
गाजियाबाद के यूपीपीसीएल निरीक्षक मनु चौधरी
गौतमबुद्धनगर के मुख्य आरक्षी मनोज चिकारा को मिला
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। पुलिस मंथन–2025 के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया। यह सम्मान उन जांबाज पुलिसकर्मियों को प्रदान किया गया है, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अनुकरणीय साहस, ईमानदारी और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया।

वर्ष 2022 के सम्मानित अधिकारी
वर्ष 2022 में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रभाकर चौधरी (डीआईजी, अलीगढ़ परिक्षेत्र), विनय चंद्रा (अपर पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय), रविंद्र प्रताप सिंह (निरीक्षक, मुरादाबाद), दिनेश कुमार डांडियाल (निरीक्षक, अधिसूचना विभाग) और मनु चौधरी (निरीक्षक, यूपीपीसीएल गाजियाबाद) को प्रदान किया गया। इन अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग कर शासन और समाज दोनों का विश्वास मजबूत किया।
वर्ष 2023 के पदक विजेता
वर्ष 2023 में शैलेश कुमार पांडेय (डीआईजी, आगरा परिक्षेत्र), विशाल विक्रम सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ), विशाल संगारी (निरीक्षक, सीतापुर), मनोज चिकारा (मुख्य आरक्षी, गौतमबुद्धनगर) तथा सुश्री शैलेष कुंतल (महिला आरक्षी) को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से अलंकृत किया गया। इन कर्मियों ने संगठित अपराध, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के मोर्चे पर प्रभावी भूमिका निभाई।
वर्ष 2024 के लिए चयन
वर्ष 2024 में अनुराग आर्य (एसएसपी, बरेली), विमल कुमार सिंह (पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ) और अरुण कुमार (मुख्य आरक्षी, एसटीएफ) को उनके उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इन अधिकारियों की कार्यशैली ने अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा पैदा किया।
वर्ष 2025 के सम्मान
वर्ष 2025 के लिए कृष्ण कुमार (पुलिस अधीक्षक, संभल), प्रेम शुक्ला (पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ) तथा प्रियांशी प्रजापति (महिला आरक्षी, कमिश्नरेट आगरा) को यह प्रतिष्ठित पदक प्रदान किया गया। इन पुलिसकर्मियों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अनुशासन, संवेदनशीलता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए विभाग की गरिमा बढ़ाई।
