February 5, 2026

मेरठ की मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी रचेगी नया कीर्तिमान : मुख्यमंत्री योगी

0
0
0

31 मई तक फेज-1 व 2 का कार्य होगा पूर्ण

नए अकादमिक सत्र का अपने परिसर में होगा संचालन

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मेरठ के सरधना क्षेत्र में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी प्रदेश में खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और खेल संस्कृति को नई दिशा देगी। यह यूनिवर्सिटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे राज्य में नए मानक स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि गंग नहर के किनारे 100 एकड़ में विकसित हो रही प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पहले चरण में 250 करोड़ रुपये की लागत से कार्य मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 31 मई 2026 तक फेज-1 और फेज-2 के सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।

सीएम योगी ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर यूनिवर्सिटी का निर्माण प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मेरठ खेल प्रतिभाओं की ऐतिहासिक धरती रही है, इसलिए यहां इसका निर्माण स्वाभाविक है। यूनिवर्सिटी का लोगो, ध्वज और यूनिफॉर्म लॉन्च किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 से यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो चुका है। फिलहाल कक्षाएं सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में संचालित की जा रही हैं, जबकि नए सत्र से पढ़ाई अपने परिसर में शुरू होगी। यहां 12 खेलों में डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के साथ शोध कार्य भी कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य इस संस्थान को वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करना है। इसके लिए अनुभवी फैकल्टी की तैनाती और पूर्व खिलाड़ियों को कोच के रूप में जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी को केंद्र बनाकर प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने और निजी स्पोर्ट्स एकेडमी को सरकारी सहयोग देने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि मेरठ क्रांति की धरती रही है और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत स्पोर्ट्स आइटम्स को जिले का उत्पाद बनाया गया है। यह स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी आने वाले समय में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!