राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स में ऋचा सूद का गोल्ड, गाजियाबाद का नाम किया रोशन!
मेहनत रंग लाई
NEWS1UP
खेल संवाददाता
गाजियाबाद। 46वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गाजियाबाद की एथलीट ऋचा सूद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर न केवल जिले बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप 29 जनवरी को केरल के त्रिवेंद्रम में आयोजित की गई, जिसमें देश के कोने-कोने से आए लगभग तीन हजार खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।
हैमर थ्रो स्पर्धा में मुकाबला बेहद कठिन और रोमांचक रहा। उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहीं ऋचा सूद ने 28.80 मीटर का शानदार थ्रो फेंककर पहला स्थान हासिल किया। केरल की लिजी अब्राहम ने 28.27 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि 24.27 मीटर का थ्रो फेंकने वाली तमिलनाडु की शांति को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इस स्पर्धा में कुल 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
गोल्ड मेडल जीतने के बाद ऋचा सूद ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा-
“यह पदक मेरे लिए सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और परिवार के विश्वास का परिणाम है। मैं इस सफलता को अपने गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश और देश को समर्पित करती हूँ। आगे भी मेरा लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराना है।”
ऋचा की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, स्थानीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाइयों की बौछार कर दी है। लोगों का कहना है कि ऋचा सूद जैसी खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, जो यह साबित करती हैं कि समर्पण और निरंतर अभ्यास से किसी भी उम्र में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता पाई जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि ऋचा सूद इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। बीते नवंबर माह में आयोजित 23वीं एशियाई मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने शॉट पुट थ्रो में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया था। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही ऋचा आज गाजियाबाद की खेल पहचान बनती जा रही हैं।

