February 11, 2026

पीतम सिंह स्मृति स्थल संकट: ग्रेटर नोएडा में किसान महापंचायत, 17 जनवरी को विधायक घेराव का ऐलान!

0
0
0

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। स्वतंत्रता संग्राम की अमूल्य विरासत और देश के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के सम्मान को बचाने की लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुँचती दिखाई दे रही है। भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में आज खेड़ा चौगानपुर, ग्रेटर नोएडा में स्वतंत्रता सेनानी बाबा पीतम सिंह के स्मृति स्थल को बचाने के लिए एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

महापंचायत की अध्यक्षता धर्मवीर भाटी ने की, जबकि संचालन की ज़िम्मेदारी अक्षय मुखिया ने संभाली। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 17 जनवरी को दादरी विधायक का घेराव किया जाएगा और आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा।

स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी पीतम सिंह स्मृति स्थल

भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने मंच से तीखा बयान देते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बिल्डरों और प्राधिकरण की तानाशाही अपने चरम पर है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा-

“जब तक स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति स्थल से जुड़ा सम्मानजनक समाधान नहीं निकलता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।”

संस्था के संस्थापक सुरेंद्र प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि समाधान होने तक संबंधित बिल्डर को किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करने दिया जाएगा।

“यह लड़ाई हमारे बुज़ुर्गों के सम्मान की है”

महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने इसे केवल भूमि या निर्माण का मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मान और इतिहास से जुड़ी लड़ाई बताया।

उन्होंने कहा-

“यह हमारे बुजुर्गों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान की लड़ाई है। कल से धरने को और मज़बूत किया जाएगा।”

महापंचायत में किसानों से वार्ता करते पुलिस अधिकारी

विभिन्न संगठनों और दलों का समर्थन

महापंचायत में किसान संघर्ष समिति के संयोजक मनवीर भाटी, राष्ट्रीय सरल पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव मेनका शर्मा, समाजवादी पार्टी से अक्षय चौधरी, अजय भाटी, शशी यादव , हैप्पी पंडित, दीपक नागर, तथा मध्यप्रदेश से आए अशोक गुर्जर सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे और आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया।

बीजेपी समर्थक होने के बावजूद पीड़ा का बयान

स्वतंत्रता सेनानी बाबा पीतम सिंह के वंशज प्रदीप भाटी ने भावुक होते हुए कहा कि वे लगातार भारतीय जनता पार्टी के समर्थक और पदाधिकारी रहे हैं, लेकिन इस मामले में उनकी कोई नहीं सुनी गई।

उन्होंने कहा-

“बिल्डर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से दुखी होकर हमारे परिवार और पूरे गाँव ने धरना देने का फैसला लिया है। यह हमारे पूर्वज के सम्मान का सवाल है।”

भारी संख्या में ग्रामीण और किसान रहे मौजूद

महापंचायत में सूरज प्रधान, चरण सिंह प्रधान, रोतहास नागर, एडवोकेट दिनेश भाटी, डॉ. यामीन, विक्रांत भाटी, सुनील भाटी, चिंकू यादव, कृष्ण भड़ाना, अन्नू सरपंच, अमित प्रधान, आशीष चौहान, रिंकू यादव, प्रिंस भाटी, गजेंद्र बसौया, वीर सिंह, धर्म सिंह, सागर यादव, दानिश, अब्दुल कादिर, डॉ. मोहसिन, अजब सिंह भाटी, सोनू लोहिया, राजीव भाटी सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!