February 12, 2026

ग्रेटर नोएडा में गांजा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, 102 किलो नशा बरामद!!

0
1
0

उड़ीसा से दिल्ली-NCR तक फैला था नेटवर्क

नामी यूनिवर्सिटियां भी थीं निशाने पर

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 102 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है जब पुलिस NCR में नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चला रही है।

एक्सपो मार्ट के पास चेकिंग में खुला राज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नॉलेज पार्क थाना पुलिस एक्सपो मार्ट के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पीली नंबर प्लेट की एक्सेंट कार संदिग्ध हालत में आती दिखाई दी। पुलिस ने जब वाहन को रोकने का इशारा किया तो कार में सवार लोग अचानक घबरा गए।

संदेह गहराने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में पॉलीथिन और पैकेटों में भरा गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी ?

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू यादव निवासी नोएडा, अभिषेक कुमार निवासी नोएडा तथा संदीप साहू निवासी गाजियाबाद के रूप में की है। तीनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के गांजा तस्कर बताए जा रहे हैं, जो लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे।

उड़ीसा से ट्रक में आता था गांजा, NCR में फैलता था जाल

एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने खुलासा किया कि आरोपी उड़ीसा से ट्रक किराए पर लेकर गांजा मंगवाते थे। इसके बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में किराए के कमरे लेकर गांजे को स्टोर किया जाता था। दिन के समय आरोपी टैक्सी किराए पर लेकर गांजा अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे, ताकि किसी को शक न हो। यह पूरा नेटवर्क बेहद योजनाबद्ध और प्रोफेशनल तरीके से चलाया जा रहा था।

नामी यूनिवर्सिटियां भी थीं सप्लाई का टारगेट

जांच में चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई नामी यूनिवर्सिटियों और कॉलेजों तक भी गांजा सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किन-किन शैक्षणिक संस्थानों में यह नशा पहुंचाया गया और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

गाड़ी जब्त, नेटवर्क की गहराई से जांच जारी

इस कार्रवाई में तस्करी में इस्तेमाल की गई एक्सेंट कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह केवल शुरुआत है और इस गिरोह से जुड़े कई और नाम जल्द सामने आ सकते हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा सप्लाई का यह नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है।

नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा संदेश

इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि नशे का जाल किस तरह युवाओं और शिक्षा के केंद्रों तक पहुंच चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!