February 4, 2026

मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, एयर इंडिया और इंडिगो के पंख टकराए!

0
0
0

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। एयर इंडिया और इंडिगो की दो यात्री उड़ानों के पंख (विंगटिप) टैक्सीवे पर आपस में टकरा गए। घटना के वक्त दोनों विमानों में यात्री सवार थे, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री या क्रू मेंबर घायल नहीं हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 (मुंबई–कोयंबटूर) टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर पुशबैक प्रक्रिया में थी, जबकि इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 (हैदराबाद–मुंबई) लैंडिंग के बाद पार्किंग की ओर टैक्सी कर रही थी। इसी दौरान दोनों विमानों के पंखों के सिरे आपस में टकरा गए।

एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप, तुरंत हरकत में आया प्रशासन

घटना के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी और दोनों एयरलाइंस की तकनीकी व सेफ्टी टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया गया। दोनों विमानों को आगे की आवाजाही से रोक दिया गया।

एयर इंडिया का आधिकारिक बयान

एयर इंडिया ने बताया कि 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जा रही फ्लाइट AI 2732 को टेकऑफ से पहले उस समय रोका गया, जब टैक्सीवे पर खड़े विमान का संपर्क दूसरी एयरलाइन के विमान से हो गया। कंपनी के अनुसार, इस टक्कर में विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

एयर इंडिया ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही घटना की सूचना संबंधित नियामक एजेंसी को दे दी गई है।

इंडिगो की पुष्टि, जांच जारी

इंडिगो के प्रवक्ता ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्लाइट 6E 791 का एक विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया। प्रवक्ता के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं और पार्किंग के बाद उन्हें सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। फिलहाल विमान का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन किया जा रहा है। प्रोटोकॉल के तहत संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दे दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल मुंबई एयरपोर्ट पर टैक्सीवे प्रबंधन और एयर ट्रैफिक कोऑर्डिनेशन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि चूक मानवीय थी या संचालन से जुड़ी किसी प्रणाली में खामी रही।

फिलहाल, एक बड़ा हादसा टल जाना यात्रियों के लिए राहत की खबर है, लेकिन यह घटना विमानन सुरक्षा मानकों की गंभीर समीक्षा की मांग जरूर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!