February 12, 2026

रुपया लेकर ‘भूमि पट्टा’ करने वालों के विरुद्ध हो सख्त कार्रवाई : योगी आदित्यनाथ

0
1
0

पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार पर योगी आदित्यनाथ सख्त रुख!

जनता दर्शन में सीएम योगी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गोरखपुर। मकर संक्रांति/खिचड़ी महापर्व के दौरान लगातार दो दिनों तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं की निगरानी में व्यस्त रहने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी व संतोषजनक निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।

गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से पढ़ा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनते सीएम योगी

भूमि पट्टा आवंटन में अनियमितता पर मुख्यमंत्री सख्त

जनता दर्शन के दौरान भूमि पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर मुख्यमंत्री विशेष रूप से गंभीर नजर आए। एक महिला द्वारा गांव में गरीबों को दिए जाने वाले भूमि पट्टों में रुपये लेकर अनियमित आवंटन की शिकायत पर सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि

“जिस भी गांव में रुपये लेकर पट्टा देने की शिकायत मिले, वहां तत्काल जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाए।”

योगी ने दो टूक कहा कि गरीबों के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

अपराध से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक बिना भेदभाव पहुंचे।

बिटिया की शादी और इलाज को लेकर संवेदनशील रुख

जनता दर्शन के दौरान एक महिला द्वारा आर्थिक तंगी के कारण बेटी के विवाह की चिंता जताने पर सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि-

“बिटिया का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कराया जाए।”

वहीं, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि-

“धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार तुरंत धनराशि जारी कर सके।

हर पीड़ित को न्याय का भरोसा

जनता दर्शन के समापन पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार हर पीड़ित, जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शासन की मंशा है कि जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान सीधे और प्रभावी ढंग से हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!