गोवा में मौत की आधी रात: अर्पोरा क्लब में भीषण आग, 23 की जलकर मौत!
किचन क्षेत्र से उठी आग तेजी से फैली
अधिकतर मृतक क्लब कर्मचारी
PM मोदी ने जताया शोक और हर संभव सहायता का भरोसा दिया
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
गोवा। उत्तर गोवा के अर्पोरा क्षेत्र में शनिवार देर रात Birch by Romeo Lane नामक क्लब में लगी भीषण आग में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आग करीब आधी रात बागा स्थित क्लब में भड़की, जो राज्य के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है।
प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर विस्फोट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और रविवार तड़के तक राहत-बचाव अभियान जारी रहा।

गोवा पुलिस महानिदेशक (DGP) आलोक कुमार ने बताया कि आग मुख्य रूप से ग्राउंड फ्लोर के किचन क्षेत्र में केंद्रित थी। सबसे अधिक शव वहीं से बरामद हुए हैं, जिससे आशंका है कि ज्यादातर मृतक क्लब के कर्मचारी थे। दो शव सीढ़ियों पर भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, जबकि अंतिम कारणों की जांच जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और उत्तर गोवा जिला पुलिस टीमें तत्काल मौके पर भेजी गईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से बात कर प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। सरकार और जिला प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।
