यूपी दिवस-2026: शुभांशु शुक्ला, अलख पांडेय और डॉ. हरिओम पंवार बनेंगे प्रदेश के गौरव
अंतरिक्ष विज्ञान, शिक्षा, साहित्य, महिला सशक्तिकरण और कृषि में उत्कृष्ट योगदान के लिए
5 विभूतियों को मिलेगा ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाली पांच विशिष्ट विभूतियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ से सम्मानित किया जाएगा। तीन दिवसीय मुख्य समारोह का आयोजन राजधानी लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
इस वर्ष सम्मानित होने वाली विभूतियों में अंतरिक्षयात्री विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला, शिक्षाविद् एवं उद्यमी अलख पांडेय, साहित्यकार डॉ. हरिओम पंवार, महिला सशक्तिकरण की अग्रदूत रश्मि आर्य और कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुधांशु सिंह शामिल हैं।
अंतरिक्ष विज्ञान में ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला को यह सम्मान दिया जाएगा। 26 जून 2025 को उन्होंने स्पेसएक्स ड्रैगन यान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचकर इतिहास रचा और ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने।
शिक्षा के क्षेत्र में प्रयागराज के अलख पांडेय ने ‘फिजिक्स वाला’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से किफायती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को करोड़ों छात्रों तक पहुंचाया। उनकी कंपनी भारत की अग्रणी एडटेक यूनिकॉर्न्स में शामिल है।
साहित्य और शिक्षा में बुलंदशहर के डॉ. हरिओम पंवार की कविताएं सामाजिक चेतना की सशक्त आवाज हैं। उनकी रचनाओं से प्राप्त आय का उपयोग वे वंचित बच्चों की शिक्षा में करते हैं।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मेरठ की रश्मि आर्य द्वारा स्थापित श्रीमद् दयानंद आर्य कन्या गुरुकुल आज 600 से अधिक जरूरतमंद बच्चियों को निःशुल्क, समग्र और आधुनिक शिक्षा प्रदान कर रहा है।
कृषि विज्ञान में वाराणसी के डॉ. सुधांशु सिंह ने फ्लड-टॉलरेंट चावल सहित टिकाऊ कृषि पर वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है और कई अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं का नेतृत्व किया है।
संस्कृति विभाग द्वारा दिया जाने वाला यूपी गौरव सम्मान प्रदेश की प्रतिभा, साधना और प्रेरणा का प्रतीक है। यूपी दिवस-2026 पर इन पांच विभूतियों का सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
