गाजियाबाद में ‘पत्तों में भगवान’ दिखाने के नाम पर महिला से मंगलसूत्र, कुंडल और मोबाइल ले उड़े ठग!

0

AI image

क्रॉसिंग रिपब्लिक में अन्धविश्वास का खेल!

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। इक्कीसवीं सदी का एक चौथाई सफर तय कर लेने के बाद भी समाज से अंधविश्वास का अंधेरा छंटने का नाम नहीं ले रहा है। हैरानी की बात यह है कि ऐसी घटनाएं अब किसी दूर-दराज़ के गांव या अशिक्षित इलाकों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि आधुनिकता, हाईराइज़ सोसाइटी और तथाकथित पढ़े-लिखे समाज के बीच भी ठग अपनी चालें चलने में कामयाब हो रहे हैं। ताज़ा मामला दिल्ली से सटे गाज़ियाबाद के पॉश इलाके क्रॉसिंग रिपब्लिक का है, जहां भगवान दिखाने के नाम पर एक महिला के साथ ठगी की सनसनीखेज घटना सामने आई है।

31 जनवरी को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पर वादी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी माँ के साथ एचपी पेट्रोल पंप के सामने, एसोटेक अपार्टमेंट के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों की उम्र लगभग 35 वर्ष और 45 वर्ष थी। उन्होंने पहले एड्रेस पूछने के बहाने महिला से बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया।

आरोपियों ने पत्तों को हाथ में लेकर उनमें भगवान दिखने का दावा किया और कहा कि यदि महिला को उन पत्तों में भगवान के दर्शन हो गए, तो उनके घर की सारी परेशानियां दूर हो जाएंगी। इन बातों में बहला-फुसलाकर आरोपियों ने महिला से मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और कानों के कुण्डल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने तहरीर के आधार पर उपर्युक्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी प्रियाश्री पाल के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले का खुलासा कर लिया जायेगा। ।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या तकनीक, शिक्षा और शहरी जीवनशैली के बावजूद अंधविश्वास आज भी लोगों की कमजोर नस बना हुआ है ? विशेषज्ञों का मानना है कि ठग इसी मानसिक कमजोरी को अपना हथियार बनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं, धार्मिक या चमत्कारी दावों से सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!