हिम्मत है तो नोएडा के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी को हटाकर दिखाइए: अखिलेश यादव
NEWS1UP
पॉलिटिकल डेस्क
लखनऊ। नोएडा में एक इंजीनियर की रहस्यमयी मौत को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा और सीधा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सरकार में सचमुच नैतिक साहस है, तो वह नोएडा के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी को हटाकर दिखाए।
अखिलेश यादव ने साफ शब्दों में कहा-
“नोएडा में इंजीनियर की मौत हो गई, लेकिन सरकार की हिम्मत नहीं है कि वह वहां के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी को हटाए। न पुलिस कमिश्नर हटाएंगे, न जिला अधिकारी।
पुलिस पर उठाए गंभीर सवाल
सपा प्रमुख ने कहा कि नोएडा मामले में सबसे बड़ी गड़बड़ी पुलिस स्तर पर हुई है, लेकिन सरकार जानबूझकर जिम्मेदार अधिकारियों को बचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई केवल दिखावे के लिए की जा रही है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा-
“सबसे बड़ी गड़बड़ी पुलिस की थी, लेकिन हटाया जाता है नोएडा अथॉरिटी का सीईओ। शायद इसलिए हटाया गया क्योंकि वह सरकार के मन मुताबिक काम नहीं कर रहा था।”
‘ऊपर से नीचे तक संरक्षण’ का आरोप
अखिलेश यादव ने इशारों-इशारों में कहा कि नोएडा जैसे बड़े औद्योगिक और शहरी क्षेत्र में बिना राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण के इतनी बड़ी लापरवाही संभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि शीर्ष अधिकारियों को इसलिए नहीं हटाया जा रहा क्योंकि इससे पूरी व्यवस्था की पोल खुल सकती है।
