February 15, 2026

हमतुम रोड: चंदा इकट्ठा होते ही हरकत में आया जीडीए, मरम्मत के निर्देश!

1
0
0

हमतुम रोड की बदहाली से 16 मौतें

सैकड़ों घायल

जीडीए ने दिया एक हफ्ते में GSB मरम्मत का आश्वासन

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। हमतुम रोड की जर्जर हालत को लेकर वर्षों से जारी प्रशासनिक उपेक्षा आखिरकार तब टूटी, जब सड़क किनारे बसे लोगों ने स्वयं सड़क मरम्मत के लिए पैसे इकट्ठा करने की मुहिम शुरू कर दी। निवासियों की इस सामूहिक पहल के बाद ही जीडीए प्रशासन हरकत में आया।

हमतुम रोड पर स्थित निलाया ग्रीन, महक जीवन, मिडोस विष्टा, संचार रेजीडेंसी, राज विलास, मोती रेजिडेंसी और दीया ग्रीन सहित सात आवासीय सोसायटियों ने जीडीए की निष्क्रियता से आक्रोशित होकर आपसी सहयोग से धन एकत्र कर सड़क मरम्मत कराने का निर्णय लिया था। इसी निर्णय ने प्रशासन को हस्तक्षेप के लिए मजबूर किया।

16 जानें जा चुकीं, फिर भी कार्रवाई नहीं

स्थानीय स्तर पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सड़क की बदहाली के चलते अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गहरे गड्ढे, धंसी सड़क और धूलभरे हालात इस मार्ग को लंबे समय से जानलेवा बनाए हुए थे, लेकिन बार-बार की शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रतिनिधिमंडल के जीडीए पहुंचते ही बदला रुख

निवासियों की पहल के बीच निलाया ग्रीन से शिवम पाराशर, राहुल पांडे और सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जीडीए कार्यालय पहुंचा और सड़क की भयावह स्थिति अधिकारियों के समक्ष रखी। इसके तुरंत बाद जीडीए की ओर से आश्वासन सामने आया।

मुख्य अभियंता ने दिए तात्कालिक निर्देश

प्राप्त जानकारी के अनुसार जीडीए के मुख्य अभियंता आलोक रंजन ने बैठक के दौरान GCB के माध्यम से सड़क मरम्मत के निर्देश जारी किए और फोन पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा। हालांकि जीडीए ने साफ किया है कि फिलहाल सड़क पर केवल GSB (ग्रैन्युलर सब-बेस) का कार्य किया जाएगा। RCC, टार या ब्लैकटॉप का निर्माण इस चरण में नहीं होगा। जीडीए का कहना है कि सड़क के स्थायी निर्माण को प्राथमिकता पर लिया गया है, इसलिए मौजूदा मरम्मत अस्थायी व्यवस्था के रूप में की जा रही है।

डीएम के निर्देशों के बावजूद फाइल लंबित

गौरतलब है कि 05 फरवरी को जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देश पहले ही जीडीए उपाध्यक्ष और सचिव को भेजे जा चुके हैं, लेकिन संबंधित फाइल अब भी जीडीए उपाध्यक्ष के स्तर पर लंबित बताई जा रही है।

 

1 thought on “हमतुम रोड: चंदा इकट्ठा होते ही हरकत में आया जीडीए, मरम्मत के निर्देश!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!