UP: 24 IPS अफसरों के तबादले, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में बदलाव!
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। सरकार ने एक साथ 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में 11 जिलों के कप्तान, आईजी-एडीजी स्तर के अधिकारी और कई पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अफसर शामिल हैं। इस बड़े फेरबदल में गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट खास फोकस में रहा, जहां नेतृत्व स्तर पर अहम बदलाव किया गया है।
गाजियाबाद कमिश्नरेट से आलोक प्रियदर्शी का तबादला

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर भेजा गया है। आलोक प्रियदर्शी गाजियाबाद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े कई अहम मामलों को संभाल रहे थे। उनके तबादले को कमिश्नरेट सिस्टम में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
राज करन नैय्यर बने गाजियाबाद के नए अपर पुलिस आयुक्त

सरकार ने राज करन नैय्यर को अपर पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद नियुक्त किया है। राज करन नैय्यर इससे पहले गोरखपुर में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। उन्हें सख्त और फील्ड में सक्रिय अधिकारी माना जाता है। ऐसे में गाजियाबाद जैसे हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील जिले में उनकी तैनाती को अहम माना जा रहा है।
NCR में प्रशासनिक संतुलन की कोशिश

एनसीआर क्षेत्र में प्रशासनिक संतुलन बनाने के लिए संभल की अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा को गौतमबुद्ध नगर भेजा गया है। नोएडा में लगातार बढ़ते शहरी अपराध और ट्रैफिक चुनौतियों के बीच यह तैनाती महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अयोध्या से लखनऊ तक असर
तबादलों की इस सूची में अयोध्या परिक्षेत्र के आईजी/एडीजी प्रवीण कुमार को लखनऊ जोन भेजा गया है। अयोध्या जैसे संवेदनशील क्षेत्र से लखनऊ जोन में यह बदलाव सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाता है।
वहीं पुलिस महानिदेशक एवं अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ सुजीत पांडेय को पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ बनाया गया है।
अन्य प्रमुख तबादले
विपिन टाडा, डीआईजी एवं एसएसपी मेरठ → संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानपुर कमिश्नरेट
संकल्प शर्मा, डीआईजी मिर्जापुर → संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानपुर नगर
के.एस. इमैन्युअल, आईजी ईओडब्ल्यू → आईजी एवं डीजी के जीएसओ, यूपी
विनोद कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानपुर → आईजी, डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद
गाजियाबाद पर क्यों है खास नजर ?
गाजियाबाद एनसीआर का प्रमुख शहर है, जहां हाईराइज सोसायटी विवाद, ट्रैफिक जाम, साइबर क्राइम, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था लगातार चुनौती बने हुए हैं। ऐसे में अपर पुलिस आयुक्त स्तर पर हुआ यह बदलाव आने वाले समय में पुलिसिंग के तौर-तरीकों और प्रशासनिक रणनीति को प्रभावित करेगा।
क्या बदलेगी पुलिसिंग की दिशा ?
राज करन नैय्यर की तैनाती से गाजियाबाद में सख्त पुलिसिंग, बेहतर फील्ड मॉनिटरिंग और अपराध नियंत्रण की उम्मीद की जा रही है। वहीं, वाराणसी भेजे गए आलोक प्रियदर्शी वहां के पुलिस कमिश्नरेट में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
यूपी पुलिस में हुआ यह फेरबदल केवल रूटीन ट्रांसफर नहीं, बल्कि आने वाले महीनों के लिए प्रशासनिक और सुरक्षा रणनीति का संकेत माना जा रहा है। गाजियाबाद और नोएडा में इसका असर ज़मीनी स्तर पर जल्द दिख सकता है।
