हम भी तेरे दादा लगते हैं… पैतृक गांव में योगी का अपनापन, बच्चों की मुस्कान और बुजुर्गों की नम आंखें!

0
0
0

NEWS1UP

संवाददाता

पंचूर (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने पैतृक गांव ‘पंचूर’ में रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह गांव की गलियों में निकले मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बड़े-बुजुर्गों का हालचाल जाना और बच्चों के बीच पहुंचकर उनका स्नेहपूर्वक अभिवादन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का बालप्रेम देखते ही बनता था, उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और एक मासूम को गोद में लेकर प्यार से खिलाया। बच्चों ने भी पूरी सहजता के साथ मुख्यमंत्री से संवाद किया। गांववासियों ने इस आत्मीय पल को कैमरे में कैद करते हुए उनके साथ सेल्फी भी ली।

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने परिजनों से मुलाकात कर सभी का कुशलक्षेम जाना। उनकी विनम्रता, सरलता और सहज व्यवहार से स्थानीय लोग भाव-विभोर नजर आए। इसके बाद मुख्यमंत्री गांव भ्रमण पर निकले और रास्ते में परिचितों व ग्रामीणों से मिलते हुए बच्चों को दुलारते रहे।

भ्रमण के दौरान एक भावुक क्षण तब आया, जब मार्ग में एक बच्चे ने मुख्यमंत्री को फूल भेंट किए। मुख्यमंत्री ने उस मासूम को खाने का सामान दिया। बच्चे ने वह सामान वहीं खड़े अपने दादा को सौंप दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए प्यार भरे शब्दों में कहा, ‘हम भी तेरे दादा लगते हैं’ यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया।

गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीणों से अपने गांव में ही रहने और खेती-बाड़ी से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय जीवन, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। पंचूर में बिताए इन पलों ने मुख्यमंत्री के पारिवारिक जुड़ाव और जमीन से जुड़े नेतृत्व की झलक एक बार फिर सामने रख दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!