आदित्य वर्ल्ड सिटी की लक्सुरिया एस्टेट में 20 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या!

0
0
0

आत्महत्या की वजह साफ नहीं

मोबाइल डेटा और कॉलेज एंगल से जांच

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र स्थित आदित्य वर्ल्ड सिटी की लक्सुरिया एस्टेट में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर सामने आई। फ्लैट संख्या बी-1203 में हुई इस दर्दनाक घटना से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरी सोसाइटी शोक में डूब गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे फ्लैट से सोसाइटी के मैन गेट पर सिक्योरिटी को कॉल की गई। बताया गया कि फ्लैट के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है और काफी प्रयास के बावजूद खुल नहीं रहा है। सूचना मिलते ही सिक्योरिटी गार्ड कारपेंटर को साथ लेकर फ्लैट पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर जैसे ही कमरा खोला गया, अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में 20 वर्षीय छात्र फंदे पर झूलता हुआ मिला।

आनन-फानन में फंदा काटकर युवक को नीचे उतारा गया और तत्काल नजदीकी मणिपाल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक छात्र का परिवार उक्त फ्लैट में किराये पर रहता था। पड़ोसियों के मुताबिक युवक अपने माता-पिता के साथ ही रह रहा था। मंगलवार सुबह उसके माता-पिता मॉर्निंग वॉक से लौटे और बेटे को जगाने के लिए उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक प्रयास के बाद जब दरवाजा नहीं खुला, तब सोसाइटी की सिक्योरिटी की मदद ली गई।

परिवार वर्ष 2024 से लक्सुरिया एस्टेट में रह रहा है और मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय युवक बीबीए का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि युवक के कॉलेज से जुड़ी जानकारी, पारिवारिक परिस्थितियों और मोबाइल फोन के डेटा की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद सोसाइटी में मातम पसरा हुआ है। लोग स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!