लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में एओए चुनाव का ऐलान, प्रक्रिया पर घमासान!

0

Ai image

0
0

चुनाव समिति ने जारी किया पूरा शेड्यूल

पूर्व अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने डीएम से की शिकायत

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट सोसायटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के चुनाव को लेकर माहौल गरमा गया है। चुनाव संचालन समिति द्वारा वर्ष 2026 के लिए एओए चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। समिति ने मतदाता सूची से लेकर मतदान और परिणाम तक की पूरी समय-सारिणी जारी की है।

चुनाव संचालन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नई सदस्यता के लिए पंजीकरण और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया फरवरी माह में पूरी की जाएगी। समिति के अनुसार नामांकन पत्र 22 फरवरी से 24 फरवरी तक प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक जमा किए जाएंगे। 25 फरवरी  को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 26 फरवरी की सायं 4 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसके बाद 27 फरवरी को अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

चुनाव प्रचार की अवधि समाप्त होने के बाद 8 मार्च  को प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही उसी दिन सायं 4 बजे के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

हालांकि, चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही विवाद भी सामने आ गया है। एओए के पूर्व अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने चुनाव संचालन समिति के गठन और पूरी चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि चुनाव समिति का गठन नियमों के अनुरूप नहीं किया गया और सोसायटी के सभी अपार्टमेंट ओनर्स को इस प्रक्रिया में विश्वास में नहीं लिया गया।

पूर्व अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने इस संबंध में जिलाधिकारी को एक लिखित शिकायत पत्र भी प्रेषित किया है। शिकायत में उन्होंने चुनाव संचालन समिति की वैधता और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि नियमों की अनदेखी कर कराए गए चुनाव भविष्य में कानूनी विवाद का कारण बन सकते हैं।

शिकायत के बाद सोसायटी में हलचल तेज हो गई है देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव कमेटी के गठन और प्रक्रिया को प्रशासन हरी झंडी देता है, या फिर शिकायत को सही ठहराते हुए रेड सिग्नल दिखाकर चुनाव पर ब्रेक लगवाता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!