गौर चौक के जाम का होगा अंत! ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक दौड़ेगी एक्वा लाइन!!
सेक्टर-61 बनेगा दिल्ली–नोएडा मेट्रो का मेगा जंक्शन
6 किमी में 4 स्टेशन
सेक्टर-70, 123 और सेक्टर-4 को मिलेगा सीधा फायदा
NEWS1UP
रेनू शिरीष शर्मा
गौतमबुद्ध नगर। नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) अपनी एक्वा लाइन का विस्तार सेक्टर-61 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 स्थित गौर चौक तक करने की तैयारी में है। इस प्रस्तावित विस्तार के साथ सेक्टर-61 मेट्रो स्टेशन को दिल्ली मेट्रो और नोएडा मेट्रो का संयुक्त इंटरचेंज हब बनाया जाएगा, जो यात्रियों के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी का नया द्वार खोलेगा।
6 किमी के कॉरिडोर पर 4 नए स्टेशन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 6 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर चार स्टेशन प्रस्तावित हैं, सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 (गौर चौक)। सेक्टर-61 को एक पूर्ण विकसित इंटरचेंज या जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां दिल्ली मेट्रो और नोएडा मेट्रो के बीच सहज ट्रांसफर संभव होगा।
इस विस्तार से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की करीब 113 हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले 5 लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्षों से मेट्रो कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे निवासियों के लिए यह परियोजना उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है।

गौर चौक के जाम से मिलेगी मुक्ति
ग्रेटर नोएडा वेस्ट का गौर चौक क्षेत्र लंबे समय से भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। मेट्रो सुविधा न होने के कारण लोग निजी वाहन, ऑटो, कैब और बसों पर निर्भर हैं, जिससे पीक आवर्स में सड़कों पर वाहनों का सैलाब उमड़ पड़ता है। प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर से न केवल यातायात दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि इस परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा चुकी है। कुछ संशोधनों के बाद इसे पुनः उत्तर प्रदेश सरकार को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। छोटा कॉरिडोर होने के कारण इसकी लागत अपेक्षाकृत कम रहेगी। परियोजना के वित्तपोषण में केंद्र सरकार, राज्य सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की भागीदारी प्रस्तावित है।
सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक 11.56 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर
इसी बीच, केंद्र सरकार ने एक्वा लाइन के सेक्टर-142 स्टेशन को दिल्ली मेट्रो के बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन से जोड़ने वाली परियोजना को मंजूरी दे दी है। 11.56 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग 2254 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा और इस पर 8 स्टेशन विकसित किए जाएंगे।
वर्तमान में नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन नोएडा के सेक्टर-51 से शुरू होकर सेक्टर-142, नॉलेज पार्क-2, परी चौक होते हुए डिपो स्टेशन तक जाती है। नए विस्तार के साथ यह नेटवर्क और सशक्त होगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर के भीतर यात्रा और अधिक सुगम बन जाएगी।
बदलती तस्वीर, बढ़ती रफ्तार
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी और ऊंची इमारतों के बीच यह मेट्रो विस्तार महज एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक गति को नई दिशा देने वाला कदम है। बेहतर कनेक्टिविटी से रियल एस्टेट को बल मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों का जीवनस्तर सुधरेगा।
सेक्टर-61 इंटरचेंज के रूप में विकसित होकर दिल्ली और नोएडा के बीच आवागमन की धड़कन बनेगा। यदि सब कुछ तय समय पर आगे बढ़ा, तो आने वाले वर्षों में ग्रेटर नोएडा वेस्ट भी मेट्रो के मानचित्र पर मजबूती से दर्ज होगा और गौर चौक का जाम इतिहास बन सकता है।
