February 22, 2026

यूपी को ‘मैन्युफैक्चरिंग हब’ बनाने आज सिंगापुर-जापान रवाना होंगे सीएम योगी!

0
0
0

डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल और ग्रीन एनर्जी निवेश पर रहेगा जोर

वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में अहम पहल

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को ‘मैन्युफैक्चरिंग हब ऑफ इंडिया’ बनाने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज चार दिवसीय विदेश दौरे पर सिंगापुर और जापान रवाना हो रहे हैं। 2017 में म्यांमार यात्रा के बाद यह उनका पहला विदेशी दौरा है, जिसे प्रदेश की निवेश कूटनीति और औद्योगिक विस्तार के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

23-24 फरवरी को सिंगापुर और 25-26 फरवरी को जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री 33 वैश्विक कंपनियों के शीर्ष प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान जी-टू-बी (गवर्नमेंट टू बिजनेस) संवाद और राउंड टेबल बैठकों के जरिए निवेशकों से सीधा संवाद होगा। मुख्यमंत्री प्रदेश के औद्योगिक रोडमैप, नीति स्थिरता, भूमि बैंक, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और कुशल श्रमबल जैसे मुद्दों पर स्पष्ट और परिणामोन्मुख चर्चा करेंगे।

सिंगापुर में 25 कंपनियों से संवाद

सिंगापुर में डेटा सेंटर, एग्रीबिजनेस, लॉजिस्टिक्स, क्लीन एनर्जी, हॉस्पिटैलिटी और एविएशन जैसे क्षेत्रों पर फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री गूगल और एसटीटी ग्लोबल के साथ डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, Olam International के साथ एग्रीबिजनेस, Sembcorp Industries के साथ इंडस्ट्रियल पार्क व ग्रीन एनर्जी, तथा Singapore Airlines Engineering Company के साथ एविएशन सहयोग पर चर्चा करेंगे।

इसके अलावा वैश्विक निवेश फंड्स और वित्तीय संस्थानों के साथ पूंजी निवेश, फिनटेक और स्टार्टअप सहयोग के अवसर भी तलाशे जाएंगे।

जापान में सेमीकंडक्टर और ऑटो सेक्टर पर जोर

जापान में ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन हाइड्रोजन निवेश एजेंडा का प्रमुख हिस्सा रहेंगे। मुख्यमंत्री Suzuki Motor Corporation, Kubota Corporation, Tokyo Electron और Toshiba जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

‘ब्रांड यूपी’ को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री प्रवासी भारतीयों और स्कूली बच्चों से भी संवाद करेंगे और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर साझा करेंगे। सरकार का मानना है कि 25 करोड़ की आबादी, विशाल बाजार, मजबूत कानून-व्यवस्था और तेजी से विकसित होता इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश को उत्पादन और उपभोग, दोनों का केंद्र बनाता है।

यह दौरा उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ ‘ब्रांड यूपी’ को वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान दिलाने का भी यह बड़ा प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!